BJP से होगा सीएम, सहयोगी दलों से 2 डिप्टी सीएम, महाराष्ट्र सरकार के गठन पर बोले अजित पवार
Maharashtra News: लंबे इंतजार के बाद महाराष्ट्र में महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह की तारीख का ऐलान हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में शपथ ग्रहण समारोह मुबंई के आजाद मैदान में 5 दिसंबर की शाम 5 बजे होगा। इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अजित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र का अगला सीएम भाजपा से होगा।
इतना ही नहीं, उन्होंने बताया कि महायुति के सहयोगी दलों से दो डिप्टी सीएम होंगे। अजित पवार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बैठक (महायुति नेता की दिल्ली बैठक) के दौरान यह निर्णय लिया गया कि महायुति भाजपा के मुख्यमंत्री के साथ सरकार बनाएगी और शेष दो दलों के उपमुख्यमंत्री होंगे।

यह पहली बार नहीं है जब देरी हुई है। अगर आपको याद हो 1999 में सरकार गठन में एक महीने का समय लगा था। बता दें कि महायुति गठबंधन में बीजेपी, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल है। इस गठबंधन ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में महत्वपूर्ण जीत हासिल की।
132 सीटों के साथ बीजेपी बनी बड़ी पार्टी
132 सीटें जीतकर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि शिवसेना और एनसीपी ने क्रमश: 57 और 41 सीटें जीतीं। इस सफलता के बावजूद, सरकार बनाने में देरी हो रही थी और यह अनिश्चितता बनी हुई थी कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? लेकिन, अब महाराष्ट्र में महायुति सरकार बनने की तारीख सामने आ गई है।
5 दिसंबर को होगा शपथ ग्रहण समारोह
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महाराष्ट्र में महायुति को ऐतिहासिक विजय मिली है...महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में मुबंई के आजाद मैदान में 5 दिसंबर को शाम 5 बजे होगा।
मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार
हालांकि, मुख्यमंत्री कौन होगा? इस बारे में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन, भाजपा के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि देवेंद्र फडणवीस एक प्रमुख उम्मीदवार हैं। फडणवीस पहले दो बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और एकनाथ शिंदे की पिछली सरकार में उपमुख्यमंत्री थे। उस सरकार में अजित पवार भी उपमुख्यमंत्री पद पर थे।












Click it and Unblock the Notifications