Maharajganj News:संस्कृति उत्सव का हुआ शुभारंभ,चयनित कलाकारों को उत्तर प्रदेश पर्व में प्रतिभाग का मिलेगा मौका
Maharajganj News: महराजगंज जनपद में 25 दिसंबर से 26 जनवरी तक संस्कृति उत्सव 2023 मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत स्थानीय शास्त्रीय, उप शास्त्रीय, लोक संगीत के गायन, वादन एवं नृत्य, एकल व समूह में प्रस्तुतीकरण होगा। प्रतिभागी कलाकारों का संस्कृति विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण, उनके मध्य प्रतियोगिता तहसील, जिला एवं मंडल स्तर पर आयोजित की जाएगी।
एडीएम डॉ पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार हमारी संस्कृति, हमारी पहचान के अंतर्गत संस्कृति उत्सव 2023 को 25 दिसंबर से 26 जनवरी तक मनाया जायेगा। इसी क्रम में जनपद में 28 व 29 दिसंबर को गांव, पंचायत, ब्लाक एवं तहसील स्तर के कलाकारों की प्रतियोगिता तहसील मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी। तहसील स्तर पर चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता का आयोजन जनपद मुख्यालय पर किया जाएगा।

तहसील स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए संबंधित तहसीलदार को प्रभारी बनाया गया है। ग्राम प्रधान, लेखपाल, ग्राम पंचायत अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहयोग करेंगे। जबकि जनपद स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए डीआईओएस, डीपीआरओ और जिला सूचना अधिकारी प्रभारी होंगे।
10 से 15 जनवरी के बीच जनपद स्तर के चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता मंडल मुख्यालय पर होगी। 20 से 21 जनवरी तक मंडल स्तर पर चयनित कलाकारों की प्रतियोगिता लखनऊ में होगी। 23 जनवरी को विजयी प्रतिभागियों का उत्तर प्रदेश पर्व में प्रतिभाग के लिए पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। 24 से 26 जनवरी तक उत्तर प्रदेश पर्व के अवसर पर अंतिम रूप से चयनित सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां, सम्मान एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications