सरकार बदले की भावना से कर रही काम,सुरक्षित नहीं मेरे पति- नसीम सोलंकी
सपा विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी व भाइयों ने शुक्रवार को उनसे महराजगंज जेल में मुलाकात हुई। पत्नी ने सरकार पर बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है।

Mahrajganj News: महराजगंज जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी से शुक्रवार को उनकी पत्नी नसीम सोलंकी,भाई अरशद सोलंकी व चचेरे भाई आसिफ सोलंकी ने मुलाकात की। जेल मैन्युअल के हिसाब से तीनों ने अपनी बारी आने की प्रतीक्षा की और दोपहर बाद इरफान सोलंकी से मुलाकात हुई। इस दौरान सभी मीडिया से बात करने से बचते दिखे लेकिन इरफान की पत्नी नसीम में संक्षेप में बात की।
इरफान से मुलाकात के बाद तीनों महराजगंज जिला कारागार से बाहर आए और अपनी कार की ओर बढ़ने लगे। इसी बीच इरफान की पत्नी ने बताया कि उन्हें जेल में कोई दिक्कत नहीं है। सब ठीक है। लेकिन सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। मेरे पति सुरक्षित नहीं हैं। वह इतनी दूर भेज दिए गए हैं कि बच्चे भी नहीं मिल सकते। इतनी बात कह कर वह कानपुर के लिए रवाना हो गयीं।
इरफान सोलंकी को बुधवार को कानपुर जेल से महराजगंज जेल स्थानांतरित किया गया था। उन पर प्लाट विवाद में आगजनी व फर्जी आधारकार्ड से हवाई यात्रा करने व बाग्लादेशी का फर्जी प्रमाण पत्र बनाने के मामले चल रहे हैं।
सपा कार्यकर्ता भी जिला कारागार के बाहर दिखाई दिए। सपा के निर्वतमान जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने योगी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। जानबुझकर सपा विधायकों को परेशान किया जा रहा है।
जेल अधीक्षक प्रभात सिंह ने बताया कि शुक्रवार को इरफान सोलंकी से मिलने उनकी पत्नी व भाई आए हुए थे। जिन्होंने जेल मैन्यूअल के मुताबिक मुलाकात की।












Click it and Unblock the Notifications