कमलनाथ ने छिंदवाड़ा की जनता को हमेशा धोखा दिया, आदिवासी भाइयों को ठगा- विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा और पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने शनिवार को छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव को लेकर हर्रई, सुरलाखापा और अमरवाड़ा ग्रामीण मंडल के अहरवाड़ा, हड़ाई, धरमी और सेजा शक्ति केंद्र की बैठकों को संबोधित किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कमलनाथ ने छिंदवाड़ा की जनता को हमेशा धोखा दिया है। कमलनाथ ने आदिवासी भाईयों को ठगा है। प्रधानमंत्री जी की गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ अमरवाड़ा के हर गांव तक भाजपा सरकार पहुंचा रही है।

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सभी बूथों को जीतने का संकल्प लेकर चुनाव अभियान में जुट जाएं। आप सभी अमरवाड़ा उपचुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाएं। इस विधानसभा क्षेत्र के हर गांव के विकास की गारंटी बीजेपी लेती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने गौरपानी में धरमी शक्ति केन्द्र प्रभारी दयाराम धुर्वे के निवास पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ भोजन किया।
कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर जनता को बताएं प्रदेश सरकार की योजनाएं- विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से मध्यप्रदेश में भाजपा को पहले विधानसभा चुनाव फिर लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय मिली है। छिंदवाड़ा जिले और अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में अधिकांश लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं के हितग्राही हैं। सभी का भाजपा के प्रति अटूट विश्वास है। सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करें और भाजपा की डबल इंजन सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता को बताएं। आप सभी अमरवाड़ा उपचुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाएं, भाजपा सरकार हर गांव में विकास के चार चांद लगा देगी।
कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में इतिहास रचा, अमरवाड़ा भी ऐतिहासिक मतों से जीतेंगे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा में भाजपा का परचम फैला है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से कमल खिलाकर इतिहास रच दिया है। रिकॉर्ड मतों से लोकसभा चुनाव जीते है। इसी तरह अमरवाड़ा उपचुनाव में भी पार्टी प्रत्याश्या श्री कमलेश शाह को ज्यादा से ज्यादा वोट दिलाकर विजयी बनाना है।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद तीन करोड़ पीएम आवास को मंजूरी प्रदान की है। अमरवाड़ा क्षेत्र में जिन गरीबों को पीएम आवास के तहत पक्के मकान नहीं बने हैं, भाजपा गारंटी लेती है, सभी को पीएम आवास के तहत पक्के आवास बनाकर दिए जाएंगे। आयुष्मान भारत योजना से हर किसी को 5 लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज की सेवा दी जा रही है। अब 70 साल से ऊपर की उम्र के लोगों का 5 लाख रुपए तक का निशुल्क इलाज भी मिलेगा। भाजपा की सरकार ने कोरोना काल में 5 किलो अनाज हर गरीब को दिया है जो आज तक दिया जा रहा है। उज्जवला योजना से गैस कनेक्शन लाडली बहना योजना के अंतर्गत 1250 रुपए महीना प्रति माह दिया जा रहा है। भाजपा गरीब कल्याण और विकास के कार्यों को एक साथ कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications