उमा भारती की शराब विरोधी मुहिम को मोदी के मंत्री का खुला समर्थन
उमा भारती द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे शराब विरोधी और नशा मुक्ति अभियान को खजुराहो में बल मिला है। मोदी सरकार में मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि वे उमा भारती की शराब विरोधी मुहिम और हर अभियान का समर्थन करते हैं।

मोदी कैबिनेट में आवास एवं शहरी विकास राज्यमंत्री कौशल किशोर ने भाजपा की फायर ब्रांड लीडर उमा भारती के शराब विरोधी मुहिम और नशा मुक्ति अभियान का समर्थन किया है। मंत्री कौशल किशोर ने भावुक होते हुए कहा कि उनका बेटा नशे की वजह से दुनिया छोड़कर चला गया, वे मंत्री और उनकी पत्नी विधायक होते हुए भी उसे बचा नहीं सके। नई पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाना हमारा फर्ज है।
केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री कौशल किशोर पर्यटन नगरी खजुराहो आए थे। वे यहां पर आयोजित 8 वें खजुराहो फिल्म महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने मीडिया से रुबरु होते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की शराब विरोधी मुहिम सहित नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे हर अभियान का समर्थन करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान परिवेश में हमारा समाज नशे की ओर बढ़ रहा है। जिसे संभालने की जरुरत है। मंत्री किशोर यह बात कहते हुए भावुक हो गए, उन्होंने बताया कि उनका बेटा नशे की वजह से दुनिया से चला गया। आज वे खुद सांसद, मंत्री हैं और उनकी पत्नी विधायक हैं, पर वे अपने बेटे को बचा नहीं पाए। उन्होंने सभी को नशामुक्त रहने, नई पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए प्रयास करने प्रेरित करने की बात कही।
नई पीढ़ी को षड़यंत्र की तरह नशे की ओर ले जाया जा रहा
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश में नई पीढ़ी को षड़यंत्र की तरह नशे की ओर ले जाया जा रहा है। इसे राकना हमारा फर्ज और कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नशामुक्त भारत बनाने की ओर हम आगे बढ़ रहे है।












Click it and Unblock the Notifications