MP News: खजुराहो में अंतरिक्ष की अनोखी दुनिया देख पर्यटक होंगे रोमांचित, युवाओं को मिल रहे रोजगार के अवसर
Star Gazing: मध्य प्रदेश में भ्रमण के लिए आ रहे पर्यटकों को अनुभव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर स्टार गेजिंग गतिविधियां शुरू की जाएंगी।
पर्यटकों को अंतरिक्ष की अनोखी दुनिया से अवगत कराने और विज्ञान के रोमांचक सफर पर ले जाने के साथ ही स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है, जिसकी शुरुआत यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो से की जा रही है।

इसी पहल के तहत खजुराहो स्थित आशियाना होमस्टे में टूरिज्म बोर्ड की अनुबंधित संस्था स्टार गेजिंग इंडिया द्वारा खजुराहो, पन्ना एवं छतरपुर से इच्छुक युवाओं को टेलिस्कोप संचालित करने एवं अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी देने हेतु प्रशिक्षण शुरू किया गया है। स्टार गेजिंग के जरिये पर्यटक रात्रि गतिविधि के रूप में आकाश में तारों और ग्रहों को देखने जैसे अनुभवों का आनंद ले सकेंगे।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड कौशल विभाग के संचालक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में प्रतिभागी आधारभूत जानकारी पर अपनी समझ बनायेंगे जिसकी अवधि 1 माह की होगी। जिसके उपरान्त 2 माह सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षकों द्वारा स्थानीय स्तर पर पर्यटकों के साथ प्रेक्टिकल अनुभव एवं तकनीकी बातों पर की जानकारी प्रदान की जायेगी। इन 3 माह के प्रशिक्षण उपरान्त 5-5 दिन के 3 रिफ्रेशर प्रशिक्षणों का आयोजन कर प्रतिभागियों को सभी ऋतुओं में तारों एवं ग्रहों से जुड़ी बारीकियों एवं जानकारी पर प्रदान कर दक्ष बनाया जाएगा।
परियोजना प्रबंधक प्रदीप दीक्षित ने बताया की पर्यटकों द्वारा पर्यटन स्थलों पर मुख्यत: रात्रि 10 बजे के बाद कोई भी गतिविधि का विकल्प नहीं होता है। अत: अब पर्यटकों के पास इस गतिविधि के आरम्भ होने से रात में भी नए विकल्प उपलब्ध हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications