Madhav National Park: नर टाइगर को बाड़े से खुले जंगल में छोड़ा, मादा भी जल्द आजाद होगी
शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क में बाघ को बाड़े से आजाद कर खुले जंगल में छोड़ दिया गया है। अब बाघिनों को जंगल में छोड़ा जाना है। यहां एक टाइगर व दो बाघिन लाई गई हैं।

टाइगर स्टेट (Tiger State) मध्य प्रदेश में एक और नेशनल पार्क का जंगल अब टाइगर से आबाद हो गया है। शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क में बीते 10 मार्च 2023 को बाड़े में छोडे़ गए टाइगर को अब खुला जंगल मिल गया है। बीते रोज बाघ के बाड़े का गेट खोल दिया गया था, बाघ दोपहर बाद आराम से बाड़ा छोड़कर जंगल में चला गया। एमएनपी का अमला टाइगर की लगातार निगरानी कर रहा है। उसकी सुरक्षा का ख्याल भी रखा गया है। अब दो बाघिनों को जंगल में छोड़ा जाना है।

माधव नेशनल पार्क के तीन बाड़ों में एक नर और दो मादा टाइगर को रखा गया था। नर टाइगर को बीते रोज जंगल में आजाद कर दिया गया है। वहीं बांधवगढ़ और पन्ना टाइगर रिजर्व की बाघिनों को भी जल्द ही बाड़ों की चार दिवारी से आजाद कर जंगल में छोड़ा जा रहा है। यहां फिलहाल तीन टाइगर का परिवार रहेगा। पन्ना और बांधवगढ़ की बाघिनें यहां भविष्य में जन्म लेने वाले बाघों की मदर ऑफ टाइगर्स कहलाएंगी।

माधव नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर व सीसीएफ उत्तम कुमार शर्मा ने स्थानीय मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आला अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद बाघ को बाड़े से बाहर निकालकर खुले जंगल में छोड़ा गया हैं। गेट खोले के बाद दोपहर बाद करीब 4.30 बजे वह बाड़े से निकलकर जंगल की तरफ गया है। उस पर अमला पूरी तरह नजर बनाए है और निगरानी कर रहा है। पार्क की सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। बाघ के गले में आईडी कॉलर बेल्ट है, जिससे से लगातार लोकेशन ट्रेस की जा रही है।
Recommended Video
टाइगर पुनर्विस्थापन प्रोजेक्ट के तहत पांच टाइगर आने है
शासन ने माधव नेशनल पार्क को 34 साल बाद फिर बाघों से आबाद करने के किए टाइगर पुनर्विस्थापन प्रोजेक्ट बनाया था। इसमें पहले चरण में यहां तीन टाइगर व दूसरे चरण में दो टाइगर लाए जाने हैं। इनमें तीन मादा रहेंगी। बीते 10 मार्च 2023 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन्हें बाड़े में छोड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications