MP: ड्यूटी छोड़ कार में सो रहा था एसआई, एएसपी ने देखा तो हड़काया, कार की हवा निकलवाई
सागर, 13 जुलाई। निकाय चुनाव के दौरान दमोह जिले के हटा में एक मतदान केंद्र पर पुलिस अधिकारी चुनाव ड्यूटी छोड़ अपनी कार में सो रहा था। औचक निरीक्षण करने पहुंचे एडिशनल एसपी ने मतदान केंद्र के बाहर कार देखी तो भड़क गए। पास पहुंचे तो उसमें एसआई सो रहा था, उन्होंने उसे बाहर निकाला और जमकर लताड़ा। बाद में कार के टायरों की हवा भी निकलवा दी।

मप्र में निकाय चुनाव के दौरान पुलिस अधिकारी द्वारा लापरवाही का मामला सामने आया है। जानकारी अनुसार दमोह जिले के हटा स्थित बालाजी वार्ड में मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सब इंस्पेक्टर अशोक कोरी की ड़यूटी लगाई गई थी। एक तो अशोक अपनी निजी कार क्रमांक एपी 34 सीए 5675 मतदान केंद्र के बाहर लगाए थे, ऊपर से ड्यूटी छोडकर कार में सो रहे थे। इसी दौरान एडिशनल एसपी शिवकुमार सिंह यहां अचानक से निरीक्षण करने पहुंच गए। पहले तो मतदान केंद्र के बाहर कार देखकर उन्होंने आपत्ति जताई। जब कार के पास पहुंचे तो पता चला कि उनके विभाग का ही एसआई अशोक कोरी उसमें सो रहा है।

मौके पर लताडा, कार की हवा निकलवाई
एएसपी शिवकुमार सिंह ने मतदान केंद्र पर ड्यूटी में लापरवाही करने वाले एसआई अशोक कोरी को पहले तो मौके पर ही जमकर लताड लगाई। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों से कहकर अशोक की कार व बाजू में रखी एक और कार के टायरों की हवा निकलवा दी।












Click it and Unblock the Notifications