MP सरकार के मंत्री का अजीबोगरीब दावा, CM शिवराज को बताया ‘टंट्या मामा' का पुनर्जन्म
भोपाल, 29 नवंबर: मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारे में अजीबो गरीब बयान दिया है। कमल पटेल ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को आदिवासी जन नायक टंट्या भील का पुनर्जन्म बता दिया। यही नहीं मंत्री पटेल ने कद काठी से लेकर काम तक कई मुद्दों पर शिवराज चौहान और टंट्या भील की तुलना कर डाली। मंत्री कमल पटेल का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

खरगौन के भीकनगांव में टंट्या मामा की गौरव यात्रा के मंच से शिवराज सरकार के कृषि मंत्री और किसान नेता कमल पटेल ने कहा कि टंट्या मामा बड़े लोगों को लूट कर गरीबों में बांट देते थे, हमारे मामा लूट नहीं रहा हैं बल्कि बड़े लोगों पर टैक्स लगाकर उसे गरीबों में बांटते हैं। मंत्री ने आगे कहा कि, टंट्या मामा भी दुबले- पतले थे। हमारे मुख्यमंत्री भी दुबले -पतले हैं। उन्हें भी मामा कहते हैं।
Recommended Video
मंत्री जी यहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि, टंट्या मामा भी कन्याओं का विवाह कराते थे, हमारे मामा भी कन्याओं का विवाह कराते हैं। उन्होंने कहा कि टंट्या मामा का जन्म 1882 में हुआ था और 47 साल की उम्र में वो देश के लिए शहीद हो गए थे। हमारी संस्कृति में यह माना जाता है कि पुनर्जन्म होता है। फिर उन्हीं के अवतार में दूसरे मामा शिवराज सिंह चौहान का जन्म हुआ।उन्होंने कहा इसलिए कह सकते हैं कि टंट्या मामा का पुनर्जन्म शिवराज सिंह चौहान के रूप में हुआ है।
इस दौरान मंत्री आदिवासियों के लिए कई ऐलान भी किए गए। कृषि मंत्री कमल पटेल के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा है कि प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने आदिवासी वर्ग और महानायक टंट्या भील का अपमान किया है। बीजेपी इसके लिए मांफी मांगे और मंत्री को पद से हटाया जाए। बता दें कि, बीजेपी आदिवासी जननायक टंट्या भील के नाम पर गौरव यात्रा भी निकाल रही है। इंदौर के बस स्टैंड का नाम टंट्या भील के नाम पर किया जा चुका है और पाताल पानी स्टेशन का नाम बदलने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications