Shivpuri news: गजब एमपी- अस्पताल में स्वीपर लगा रहे मरीजों के घाव पर टांके, डॉक्टर कर रहे आराम
शिवपुरी में स्वीपर ने किया घायल का उपचार, टांके लगाने के बाद की पट्टी, डॉक्टर की मौजूदगी में स्वीपर ने किया उपचार, सीएमएचओ ने कही कार्रवाई की बात
Shivpuri में डॉक्टर आराम फरमा रहे हैं और अस्पताल में पदस्थ स्वीपर मरीजों का उपचार कर रहे हैं। खास बात यह है कि स्वीपर मरीजों के घाव पर टांके लगाने के साथ उसकी मरम पट्टी तक कर रहे हैं। डॉक्टर की आंखों के सामने यह सब कुछ हो रहा है लेकिन डॉक्टर मरीज को हाथ लगाने की बजाय स्वीपर से उपचार करवा रहे हैं।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैराड़ का है मामला
दरअसल स्वीपर द्वारा मरीज का उपचार किए जाने का पूरा मामला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैराड़ का है। बैराड़ में भारत बाल्मीकि नाम का एक स्वीपर पदस्थ है। अस्पताल में एक घायल मरीज पहुंचा जिसके पैर में जख्म हो गया था। जख्म देखकर डॉक्टर ने तो उपचार नहीं किया लेकिन स्वीपर ने मरीज का उपचार करना शुरू कर दिया।
स्वीपर ने लगाए टांके और पट्टी भी बांधी
भारत बाल्मीकि ने घायल शख्स के पैर के घाव पर पहले टांके लगाए और पट्टी भी बांधी। खास बात यह है कि जिस वक्त स्वीपर घायल व्यक्ति के पैर में टांके लगा रहा था उस वक्त मौके पर ड्यूटी डॉक्टर हरिओम धाकड़ भी मौजूद थे लेकिन डॉक्टर ने मरीज का उपचार खुद नहीं किया और टांके तक स्वीपर से लगवाए।
स्वीपर बोला बिना पढ़े लिखे आ गए हैं डॉक्टर
डॉक्टर आराम फरमा रहे हैं और स्वीपर मरीजों का उपचार कर रहे हैं। इस बारे में जब स्वीपर भारत बाल्मिक से बातचीत की गई तो भारत बाल्मीकि ने बताया कि डॉक्टर बिना पढ़े लिखे आ गए हैं उन्हें टांके लगाना नहीं आते हैं वे टाके लगाना जानते ही नहीं हैं तो भला उपचार कैसे करेंगे इसलिए मैंने टांके लगाए हैं।
सीएमएचओ ने कही कार्रवाई की बात
इस मामले में जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पवन जैन का कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाएंगे और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे, अगर डॉक्टर का दोष पाया गया तो डॉक्टर पर भी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications