MP News: सोशल मीडिया पोस्ट से उफान, धर्म विशेष की भीड़ सड़क पर, बुरहानपुर पुलिस ने संभाला मोर्चा
MP News Burhanpur: बुरहानपुर में मंगलवार रात शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सोशल मीडिया पोस्ट ने धार्मिक भावनाओं को आहत कर दिया। पोस्ट सामने आते ही एक धर्म विशेष के सैकड़ों लोग भड़क उठे और देर रात भारी संख्या में कोतवाली पहुंच गए।
देखते ही देखते भीड़ उग्र हो उठी और हालात तनावपूर्ण हो गए। मौके पर तनाव इतना बढ़ गया कि शहर की शांति भंग होने का खतरा मंडराने लगा।

सूचना मिलते ही शहर के कलेक्टर हर्ष सिंह और पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार तत्काल कोतवाली पहुंचे और बिगड़ते हालात को संभालने में जुट गए। दोनों अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने की भरसक कोशिश की, लेकिन भीड़ टस से मस नहीं हो रही थी। बार-बार समझाइश के बावजूद जब गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।
आरोपी हिरासत में, सोशल मीडिया पर सतर्कता की अपील
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पोस्ट करने वाले युवक देवेश दलाल को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज कर लिया। युवक की गिरफ्तारी के बाद ही हालात धीरे-धीरे सामान्य हो पाए।
बुधवार सुबह भी शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की सतर्कता के चलते शहर में अमन-चैन कायम रहा और किसी भी अप्रिय घटना को टाल दिया गया।
लोहारमंडी निवासी ने की थी शिकायत
लोहारमंडी निवासी 21 वर्षीय उवेश हुसैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि बाई साहब की हवेली के पास रहने वाले देवेश दलाल ने इंस्टाग्राम पर एक धर्म विशेष को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी। इस पोस्ट से उसकी और समाज के कई अन्य लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए देवेश को रात में ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का मुकदमा दर्ज किया।
एसपी ने जारी की एडवाइजरी
घटना के बाद एसपी देवेंद्र पाटीदार ने शहरवासियों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, "कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट न करें और न ही किसी भी भड़काऊ सामग्री को शेयर या फॉरवर्ड करें। यदि किसी को सोशल मीडिया पर इस प्रकार की कोई पोस्ट दिखती है, तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे। पुलिस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई करेगी।"
इस पूरे घटनाक्रम से एक बार फिर यह संदेश गया कि सोशल मीडिया पर लापरवाही और संवेदनहीनता से किस प्रकार शांति भंग हो सकती है। प्रशासन ने आम नागरिकों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications