MP News: घर के सामने DJ बजते ही भड़के थानेदार, ग्रामीणों के साथ किया अभद्र व्यवहार, Video
मध्य प्रदेश के सीधी जिले से थानेदार की दबंगई का मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में थानेदार रसूख बताते हुए ग्रामीणों से अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। थानेदार के घर के सामने जब डीजे बजने लगे तो थानेदार की नींद खुल गई, जिससे गुस्सा हुए थानेदार ने ग्रामीणों के साथ अभद्रता को अंजाम दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि, थानेदार अपने रसूख का उपयोग करते हुए ग्रामीणों से अभद्रता कर रहे हैं, जहां ग्रामीण थानेदार के हाथ पैर जोड़ते नजर आ रहे हैं।

मध्य प्रदेश में वैसे तो डीजे का इस्तेमाल राजनीतिक रैलियों के साथ-साथ राजनेताओं के प्रचार-प्रसार में किया जाता है, लेकिन उस वक्त पुलिस को कुछ नजर नहीं आता। वहीं जब यह डीजे किसी सामान्य व्यक्ति के कार्यक्रम या शादी में बजता है तो पुलिस नियमों का हवाला देकर इन्हें बंद करवा देती है। ऐसा ही मामला सीधी से सामने आया है, जब थानेदार के घर के सामने डीजे बजने लगे तो थानेदार साहब को नियम याद आ गए। वहीं थानेदार नियम याद करते हुए इतना गुस्सा हो गए, उन्होंने ग्रामीणों के साथ अभद्रता तक कर डाली।
दरअसल, गांव में सरकारी कर्मचारी की सेवानिवृत्ति के बाद स्वागत सत्कार का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था, उस वक्त स्वागत सत्कार में डीजे बजाए जा रहे थे। डीजे की आवाज सुनते ही थानेदार की नींद खुल गई, और थानेदार ने डीजे बजाने वाले और डीजे बजवाने वाले दोनों को जमकर फटकार लगाते हुए अभद्रता कर डाली। इस दौरान थानेदार ने थाने पर फोन लगाया, और तुरंत जवानों को बुलाया, इसके बाद जवानों ने डीजे वालों के साथ-साथ ग्रामीणों को फटकार लगाते हुए थाने ले जाने का डर दिखाया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि, थानेदार कितने गुस्से में है, जहां उन्हें इस बात का ध्यान भी नहीं रहा की गांव के बुजुर्ग उनके हाथ पैर जोड़ते नजर आ रहे हैं। वहीं अब थानेदार के रसूखदार रवैया का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई पुलिस की दबंगई को गलत बता रहा है। बहरहाल, अब यह दबंगई जब बड़े अधिकारियों तक पहुंचती है, तब इस मामले में रसूखदार थानेदार पर कितनी कठोर कार्रवाई हो पाती है, ये आने वाला वक्त बताएगा।
ये भी पढ़े- MP News: क्या है डिजिटल अरेस्ट स्कैम?, कहीं आप तो नहीं हो रहे शिकार, जानिए












Click it and Unblock the Notifications