MP News: शिवराज का तंज, कांग्रेस का ही फ्यूल खत्म हो गया, तो राहुल के हेलीकॉप्टर में कहां से फ्यूल आएगा?
MP News: एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में राज्य की तीन विधानसभा में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने छिंदवाड़ा में की पांढुर्णा विधानसभा के बड़चिचोली, अमरवाड़ा विधानसभा के धनौरा और जुन्नारदेव विधानसभा के चावलपानी में विशाल आम सभाओं को संबोधित किया। ज्ञात हो कि छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू चुनावी मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस ने पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को टिकट दिया है।

पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी सभा के दौरान अपने भाषण में कहा कि छिंदवाड़ा में आखिर कब तक कांग्रेस और क्यों कांग्रेस रहे? कांग्रेस ने किया ही क्या है? बीजेपी ने हमेशा से परिवारवाद का विरोध किया है। छिदंवाड़ा में एक ही परिवार का राज नहीं चलेगा,यहाँ की माटी का लाल, क्यों विधायक, सांसद नहीं बन सकता है? शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस बार छिंदवाड़ा में भी कमल खिलेगा?
शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर जोरदार तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी जी शहडोल आए थे. वहां उनका चॉपर नहीं उड़ा, तो बोले फ्यूल खत्म हो गया। शिवराज ने आगे जोड़ा कि अरे कांग्रेस का ही फ्यूल खत्म हो गया, तो राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर में कहां से फ्यूल आएगा? फ्यूल खत्म होने की वजह से राहुल गांधी का विमान टेक ऑफ नहीं हुआ, किंतु अब कांग्रेस भी टेक ऑफ नहीं हो रही है,अब यह टेक ऑफ होने भी नहीं वाली है। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल गांधी जी को कितना भी टेक ऑफ करवा लो, मैडम सोनिया गांधी राहुल टेक ऑफ नहीं होने वाले हैं। शिवराज ने आगे कहा की कांग्रेस अब रसातल पर जाने वाली है। एक तरफ राहुल गांधी टेक ऑफ नहीं हो रहे हैं,दूसरी तरफ नकुलनाथ भी टेक ऑफ नहीं हो रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने मंच से राममंदिर का ज़िक्र करते हुए कहा कि जब 500 वर्ष का संकल्प पूरा हो रहा था, आयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो रही थी, पूरा देश खुशियां मना रहा था और हर कोई भगवान रामलला के दर्शन करने के लिए आतुर था, तब केवल कांग्रेस पार्टी मायूस थी। प्राण-प्रतिष्ठा का आमंत्रण कांग्रेस को भी दिया गया था, किंतु उन्होंने लिखित में कहा कि हम नहीं जाएंगे. अब ऐसी कांग्रेस जो भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा में न जाएं ऐसी पार्टी जनता के वोट पाने लायक ही नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications