राहुल गांधी कांग्रेस को समाप्त करके ही मानेंगे, जब से खड़गे आए, कांग्रेस की दुर्गति हो गई- शिवराज सिंह चौहान
Shivraj Singh Chauhan News: पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान एक दिवसीय कर्नाटक दौरे पर हैं। श्री चौहान ने कर्नाटक के गुलबर्गा जिले के कलबुर्गी में भाजपा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। कर्नाटक में शिवराज ने शरण बसवेश्वर मंदिर में पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और मंदिर परिसर में साफ-सफाई की।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बसवेश्वर जी की इस पवित्र धरती पर आ पाया हूं, मैं उन्हें प्रणाम करता हूं। दुनिया में लोकतंत्र का उदय इसी पवित्र धरती पर हुआ था। हम सब लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक और देश तबाह किया है।

राहुल गांधी कांग्रेस को डिजॉल्व करेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, महात्मा गांधी जी की बात पंडित जवाहर लाल नेहरू जी ने नहीं मानी, लेकिन राहुल गांधी तो महात्मा गांधी जी के बड़े भक्त हैं, वो कांग्रेस को समाप्त करके ही मानेंगे, राहुल गांधी कांग्रेस को डिजॉल्व करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी जी का तो मानसिक संतुलन ही बिगड़ गया है, वो ऐसे बयान दे रहे हैं कि, बनारस में बच्चे पी कर नाचते रहते हैं। आप किसका अपमान कर रहे हो, क्या इतने बड़े नेता को यह शोभा देता है कि, वो आम नागरिक का अपमान करे।
खड़गे जी के नेतृत्व में दम नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि, आज कल खड़गे जी बहुत परेशान है और कह रहे हैं कि, लोग कांग्रेस छोड़कर क्यों जा रहें हैं। खड़गे जी जब से आप राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं, तब से कांग्रेस की और भी ज्यादा दुर्गति हो गई है। इसलिए हर दिन कोई न कोई कांग्रेस छोड़कर जा रहा है। आपके नेतृत्व में दम ही नहीं है, जनता की आशाएं धूल दूषित कर दी है। आने वाले समय में राहुल गांधी जैसे नेता ही कांग्रेस में रहेंगे और कोई नहीं रहेगा। खड़गे जी ईडी, सीबीआई पर आरोप लगाते हैं, ईडी, सीबीआई वहीं जाती है जहां भ्रष्टाचार और घोटाला होता है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने बर्बाद करने के अलावा और कुछ नहीं किया है, कांग्रेस अब समाप्ति की ओर है।

कांग्रेस की बुद्धि बिगड़ गई
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस की तो बुद्धि बिगड़ गई है, विनाशकाले विपरीत बुद्धि। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना, पूरा देश नहीं, पूरा विश्व प्रसन्न था, गाँव-गाँव में केसरिया पताकाएं सजाई गई, दीपक जलाए गए, आनंद का उत्सव मनाया गया। निमंत्रण सोनिया मैडम, खड़गे जी और राहुल बाबा को भी दिया गया कि तुम भी आओ, लेकिन उनके भाग फूटे थे, किस्मत में ही नहीं था, वो बोले हम नहीं जाएंगे, बहाने बनाते हैं। कांग्रेस तो मोदी जी का विरोध करते-करते भगवान राम का ही विरोध करने लगी। कांग्रेसी कहते थे मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। आज देखिए 22 जनवरी को आयोध्या में भव्य व दिव्य राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हुई और रामलला विराजे।

400 पार का संकल्प
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, इस बार प्रधानमंत्री जी ने लोकसभा चुनाव में 400 पार का लक्ष्य रखा है। भाजपा अकेले 370 सीटें और एनडीए 400 से भी ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य है। मोदी जी को फिर से भारत का प्रधानमंत्री बनाना है। वहीं उन्होंने कहा कि, इस बार कर्नाटक में 28 की 28 लोकसभा सीटें जीतना है। भाजपा ने वर्ष 2014 में 17 और वर्ष 2019 में 25 सीटें कर्नाटक में जीती थी। अब 2024 में पूरी 28 सीटों पर एतिहासिक जीत दर्ज करना है। प्रधानमंत्री मोदी जी की गारंटी है कि, वर्ष 2047 तक हमारा देश संपूर्ण विकसित भारत बनेगा। कर्नाटक में शानदार जीत हासिल कर खड़गे जी के आरोपों का जवाब देना है।
मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है
पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि, मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है, लेकिन कांग्रेस ने देश को कहां पहुंचा दिया था। भारत को घोटालों का देश कहते थे, निवेश के लिए कोई आने को तैयार नहीं था। 2जी घोटाला, 4जी घोटाला और जीजाजी घोटाला, न जाने कितने घोटाले किए लेकिन भारत के प्रधानमंत्री मोदी जी बने और उन्होंने कह दिया कि, न खाउंगा न खाने दूंगा। छोटे-छोटे देश हमें डराते थे, लेकिन अब चीन के सैनिको ने हमारी सीमा में आने की कोशिश की तो भारतीय सेना ने उन्हें खदेड़ दिया। रूस-यूक्रेन युध्द में कई भारतीय बच्चे फंसे हुए थे। मोदी जी ने दोनों देशों के राष्ट्रपतियों को फोन किया और कहा कि, जब भारत के बच्चे तिरंगा लेकर निकले तो युध्द थम जाए और हमारे बच्चे युध्द के बीच से सुरक्षित भारत आ गए। भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है और मोदी जी के तीसरे कार्यकाल में हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। मोदी जी के नेतृत्व में भारत अब विश्व गुरू बनने जा रहा है।
विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की चार जातियां कही हैं, किसान, महिला, युवा और गरीब। इन सबके कल्याण से ही देश की प्रगति और विकास संभव है। देश में पीएम आवास के तहत गरीबों को 4 करोड़ पक्के मकान दिए गए हैं। उज्जवला योजना में 10 करोड़ बहनों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। 11 करोड़ से भी ज्यादा शौचायलों का निर्माण किया गया है। 50 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को गरीब कल्याण योजना में मुफ्त राशन दिया जा रहा है और 1 करोड़ बहनें लखपति दीदी बनी है।












Click it and Unblock the Notifications