फिर खुलेगा 'लाड़ली बहना पोर्टल', CM Shivraj का रोड शो में एलान; बिटिया के साथ Viral हुई तस्वीर
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को अपने तीसरे रोड शो के दौरान 'लाडली बहना पोर्टल' चुनाव के बाद फिर से खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि "जिन बहनों के नाम लाडली बहना में रह गए हैं, चुनाव के बाद उनके नाम लाडली बहना में जोड़े जाएंगे।" साथ ही रोड शो के दौरान सीएम शिवराज की एक बच्ची को गोद में उठाए तस्वीर अब इंटरनेट पर वायरल हो रही है।
बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भोपाल के गोविंदपुरा में रोड शो था। सीएम शिवराज यहां भाजपा की प्रत्याशी कृष्णा गौर के लिए वोट मांगने आए थे। वर्तमान में यह सीट भाजपा के ही कब्जे में है। इस दौरान उन्होंने कहा कि "चुनाव के बाद लाड़ली बहना पोर्टल खोला जाएगा और जो-जो नाम रह गए हैं, वे सारे नाम जोड़ दिए जाएंगे।"

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि "1 करोड़ 32 लाख बहनें हैं मेरी, मैं कितना भाग्यशाली हूं। इस क्षेत्र में ही मेरी 50 हजार से अधिक लाडली बहनें हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि "मैंने सरकार नहीं अपना परिवार चलाया है। यहां सभी मेरी बहने खड़ी हैं। मैंने कभी बहनों में जाति, धर्म का भेद नहीं किया। बहनें तो बहनें हैं उनमें क्या भेद करना।"
वहीं सीएम ने अपने संबोधन में फांसी कानून पर कहा कि मध्यप्रदेश में हमने यह कानून बनाया कि अगर मासूम बिटिया के साथ कोई गलत हरकत करेगा तो सीधे फांसी के फंदे पर लटका दिया जाएगा। ऐसे जल्लाद को हम छोड़ेंगे नहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि "कांग्रेस कह रही है हम ऐसी पढ़ाई कर देंगे, वैसी पढ़ाई कर देंगे। सब झूठ बोल रहे हैं। लिख-लिख कर दे रहे हैं। पहले कहते हैं कि एक हजार हर साल देंगे, फिर कहते हैं महीना देंगे। पता नहीं क्या-क्या झूठ बोल रहे हैं।"
उधर, सीएम शिवराज ने जब रोड शो के दौरान एक बच्ची को गोद में उठाया तो बच्ची भी खिलखिला उठी। उनकी यह तस्वीर भी अब सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है। सीएम ने खुद भी इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, "बिटिया के लिए सपने, अम्मा के चेहरे पर सुकून मुझे ये भरोसा देता है कि सही रास्ते पर आगे बढ़ रहा हूँ... सपने पूरे होते रहेंगे, चेहरों पर ये खुशी व सुकून बना रहेगा।"
वहीं उनकी इस तस्वीर पर लोग भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर लिखता है, "मध्यप्रदेश की हर लाड़ली लक्ष्मी हर लाडली बहना का आपके ऊपर अटूट विश्वास बंध गया है मामा है तो सब मुमकिन है भैया है तो हर लाडली बहना के चेहरे पर आत्मविश्वास भरी मुस्कान है बुजुर्गों के लिए चारो धाम की यात्रा का भरोसा है। सबने एक ही उद्देश्य को ठाना है अपने मामा अपने भैया शिवराज को पुनः जीत दिलाना है।"












Click it and Unblock the Notifications