Shivpuri News: बच्चों से भरी स्कूल बस में लगी आग, छात्रों के उतरते ही जलकर राख हुई बस
Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बच्चों से भरी एक स्कूल बस में अचानक आग लग गयी। बस में 12 बच्चे सवार थे जिन्हें ड्राइवर और खलासी ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस में आग लगी है।
बताया जा रहा है कि छुट्टी होने के बाद बस सभी बच्चों को घर छोड़ने के लिए जा रही थी, तभी इस बस में आग लग गई।अचानक आग लगते ही ड्राइवर ने सावधानी पूर्वक सभी बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन कुछ बच्चों के स्कूल बैग बस के अंदर ही जल गए हैं।

फतेहपुर रोड पर एक निजी विद्यालय स्थित है, यहां पर बुधवार की दोपहर में छुट्टी होने के बाद 30 बच्चों को लेकर एक बस निकली। वह एक-एक कर बच्चों को घर छोड़ रहा था। जब बस शहर के सोन चिरैरया रोड पर पहुंची तो उसमें अचानक आगे लग गई। उस समय बस में 12 बच्चे बैठे थे। आग लगते ही ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय दिया और सभी बच्चों को बाहर निकाला।
स्कूल के संचालक पवन शर्मा ने जानकारी दी कि छुट्टी के बाद बस बच्चों को छोड़ने के लिए जा रही थी, तभी यह घटना घटी है। उन्होंने बताया कि घटना के समय बस में करीब 12 बच्चे सवार थे। ड्राइवर के अलावा स्कूल की दो महिला टीचर भी थीं। आग लगते ही बच्चों को तुरंत बस से बाहर निकाला गया और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
बता दें कि शिवपुरी जिले में कई निजी विद्यालय संचालक कंडम बसें चला रहे हैं। पूर्व में यातायात पुलिस और अन्य अधिकारियों द्वारा चालानी कार्रवाई की गई है, लेकिन इसके बाद भी स्कूल संचालक इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पूर्व में चेकिंग के दौरान कई बसों में खामियां मिली हैं। सुप्रीम कोर्ट की जो गाइडलाइन है, उसका पालन भी नहीं किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications