MP News: गुल्लक सौंपकर कांग्रेस ने राहुल गांधी की भावनानुसार मित्रता का धर्म निभाया, 5 लाख रुपये की मदद
मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मुकेश नायक और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने आज आष्टा पहुंचकर दिवंगत मनोज और नेहा परमार के बच्चों से मुलाकात की। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने बच्चों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और उन्हें ढांढ़स बंधाया।
कांग्रेस नेताओं ने विशेष रूप से राहुल गांधी जी की 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान, जो बच्चों ने अपनी पॉकेट मनी बचाकर गुल्लक राहुल गांधी को भेंट की थी, उनकी भावना को सम्मानित किया।

नायक और वर्मा ने इन बच्चों को 5 लाख रुपये की गुल्लक भेंट की, जिससे राहुल गांधी की भावना के अनुरूप मित्रता का धर्म निभाया गया और बच्चों की शिक्षा दीक्षा की व्यवस्था करने का आश्वासन भी दिया गया।
नायक ने इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "इस दुख की घड़ी में भी भाजपा के नेता अमानवीयता का परिचय दे रहे हैं। जिस तरह की प्रतिक्रिया भाजपा के नेता दे रहे हैं, वह मानवीय गरिमा के पतन और निष्क्रिष्टता का जीवंत उदाहरण है। भाजपा के नेता इस समय में न तो इन बच्चों से मिले और न ही इन बच्चों के प्रति कोई संवेदना व्यक्त की, जो भाजपा के नफरत और घृणा से भरे चाल-चरित्र को स्पष्ट रूप से दिखाता है।"

पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा, "राहुल गांधी जी की भावना के अनुरूप कांग्रेस ने बच्चों को गुल्लक भेंट कर अपने कर्तव्यों को निभाया है। इन बच्चों को इस कठिन समय में अपना सहारा देने का वचन दिया है। हम बच्चों की शिक्षा-दीक्षा की पूरी जिम्मेदारी उठाने को तैयार हैं। भाजपा का चरित्र केवल ढिढोरा पीटने का है, जबकि इन नेताओं ने इन बच्चों तक को संवेदना नहीं दी। भाजपा के लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए हमेशा स्वांग करते रहते हैं।"
इस मौके पर कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता जैसे शैलेन्द्र पटेल, कैलाश परमार, आशिफ जकी, राजीव गुजराती, बलवीर तोमर, देवेन्द्र पटेल, हरपाल सिंह, हरीश राठौर, विक्रम मस्ताल, फरजाना खान और सिद्धार्थ राजावत भी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications