MP News: सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- कांग्रेस सरकार ने वर्षों तक बहनों के कष्ट को अनदेखा किया
MP News: मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव मंगलवार को सागर लोकसभा क्षेत्र के बिलहरा पहुंचे। यहां उन्होंने नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने उद्बोधन के दौरान कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा के मुताबिक, बहनों के द्वारा हमारे माथे पर लगाया जाने वाला टीका और हाथ में बांधा जाने वाला रक्षा सूत्र ही हमारी शक्ति का आधार बनता है। यह हमें दुनिया की किसी भी शक्ति और अन्याय के खिलाफ लड़ने का साहस देता है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जरूरत पड़ने पर हमारी माताएं बहनें रणचंडी और भगवती दुर्गा के रूप में असुरी प्रवृत्ति रूपी अन्याय के खिलाफ लड़ने में भी सक्षम हैं। भारत और भारत की संस्कृति दुनिया के लिए काफी बड़ा रहस्य है, क्योंकि हमारी संस्कृति जैसी संस्कृति विश्व में किसी दूसरे देश की नहीं हो सकती है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे देश में माता को भगवान का रूप मानते हैं और उन्हें श्रद्धा और आस्था की मूर्ति के तौर पर पूजते हैं।
यह भी पढ़ें मणिपुर-राजस्थान के उम्मीदवारों की BJP ने जारी की सूची, CM मोहन यादव ने दी जीत की अग्रिम बधाई
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि दुनिया में 200 से भी ज्यादा देश है, किंतु शायद ही कोई देश हो जिसका नाम माता पर आधारित हो। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमने साक्षात भगवान को तो नहीं देखा, पर माता के रूप में भगवान को जरूर देखते और पूजते हैं। चाहे वह देश की सीमा हो, या फिर पूरी पृथ्वी, नदियों को भी हम मां स्वरूप ही पूजते हैं। ऋषि मुनियों की परंपरा वाले हमारे देश ने ही दुनिया को समय की गणना करना सिखाया है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज दुनिया की पहली वैदिक घड़ी महाकाल की नगरी उज्जैन में सुशोभित हो रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वर्षों तक बहनों के कष्ट को अनदेखा किया, आदरणीय प्रधानमंत्री ने बहनों की तकलीफ को समझा; माता-बहनों की इज्जत बचाने, उनके बेहतर स्वास्थ्य और दुनिया में भारत की स्वच्छ छवि बनाने के लिए घर-घर शौचालय अभियान चलाया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पीएम नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में चलाई जा रही योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित करने के लिए काम किया है। इसी काम को करने में मैं और मेरी पूरी सरकार भी कार्य कर रही है और पीएम की योजनाओं को सौ फीसदी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का कार्य भी कर रही हैं। सीएम यादव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि बहनों से संबंधित कोई भी योजना बंद नहीं होगी, सभी को आगे भी चालू रखा जाएगा। कांग्रेस वालों तुम झूठ बोलते रहो। मैं फिर कहता हूँ कि "लाड़ली लक्ष्मी योजना" न तब बंद हुई और न आगे बंद होगी।
सीएम यादव ने कहा कि कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 को लागू करने वाला मध्यप्रदेश देश में अग्रणी राज्य बना है। इस शिक्षा नीति में महापुरुषों की जीवनी को स्कूली पाठयक्रम में शामिल करके नये शिक्षा सत्र से प्रारंभ किया जा रहा है। सीएम यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा चुनाव में 400 पार के सपने को पूरा करने के लिए सागर लोकसभा प्रत्याशी लता वानखेडे़ को भारी मतों से जीत बनाने का संकल्प भी दिलाया।
यह भी पढ़ें 'बहनों के लिए जारी रहेंगी सभी योजनाएं, झूठ बोलना हमारी आदत नहीं', बिलहरा में बोले CM मोहन यादव












Click it and Unblock the Notifications