मध्य प्रदेशः राजगढ़ में भीषण सड़क हादसे में पंच दसानन जूना अखाड़ा के अध्यक्ष समेत 5 लोगों की मौत
राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को सांरगपुर के पास एनएच-52 वैगनआर और इनोवा की भीषण टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में पंच दसानन जूना अखाड़ा के अध्यक्ष महंत सोमेश्वर गिरी समेत 5 लोगों की मौत हो गयी। बाकी चारों मृतक इंदौर के एक ही परिवार के हैं। मृतकों में महंत सोमेश्वर गिरी के अलावा पति-पत्नी और उनके दोनों बेटों की मौके पर ही मौत हो गयी। बता दें कि महंत सोमेश्वर गिरी अपने साथियों के साथ अहमदाबाद से लखनऊ जा रहे थे। वहीं दुर्घटना में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोनों गाड़ियों की आपस में टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि वैगनआर के परखच्चे उड़ गए। वैगनआर गाड़ी में इंदौर का यादव परिवार सवार था, जो गुना से वापस अपने घर इंदौर लौट रहा था। चारों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों के नाम अमर सिंह, उनकी पत्नी सिया दुलारी, 25 वर्षीय बेटा शैलेष और मोहित (14 साल) हैं। दूसरी ओर, इनोवा गाड़ी में सवार पंच दसानन जूना अखाड़ा के अध्यक्ष महंत सोमेश्वर गिरी अहमदाबाद से लखनऊ जा रहे थे। दुर्घटना में उनके साथी घायल हो गए।
गाड़ियों की टक्कर इतनी जोर से हुई कि जबरदस्त धमाके की आवाज़ दूर तक सुनी गयी। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके के लोग और सड़क से गुजर रहे राहगीर फौरन मदद के लिए मौके की ओर भागे। भीषण सड़क हादसे की सूचना मिलते ही सारंगपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जूना अखाड़ा के संत ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दोनों गाड़ियां रफ्तार में थीं।












Click it and Unblock the Notifications