भोपाल में लगातार हो रही बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, बड़ा तालाब में क्रूज की एक मंजिल डूबी
भोपाल, 22 अगस्त: मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी भोपाल में भी पिछले 36 घंटों से बादल बरस रहे, ऐसे में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बारिश की वजह से ईंटखेड़ी नदी भी उफान पर है और राजधानी की 150 से ज्यादा कॉलोनियों में पानी जमा हो चुका है। वहीं इस बारिश की वजह से बड़ा तालाब में खड़े क्रूज को भी नुकसान होने की खबर सामने आ रही है।

जानकारी के मुताबिक भारी बारिश की वजह से बड़ा तालाब का जलस्तर काफी ज्यादा बढ़ गया है। इस वजह से बोट क्लब में खड़े क्रूज लेक प्रिंसेस की एक मंजिल डूब गई। आनन-फानन में करीब दो दर्जन कर्मचारियों को उसे बचाने के काम पर लगाया गया। जिसके बाद रस्सी की मदद से किसी तरह उसको स्थिर किया गया। न्यूज एजेंसी एएनआई ने इसका एक वीडियो जारी किया है, जिसमें आप देख सकते हैं कि क्रूज की एक मंजिल में पूरा पानी भर गया और तेज हवाओं की वजह से वो इधर-उधर हो रहा।
भोपाल में जारी हुआ रेड अलर्ट
वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने राजधानी भोपाल में बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही सभी से घरों में रहने की अपील की जा रही। बारिश की वजह से कई सड़कें भी पानी में डूब गई हैं, जिस वजह से पूरा शहर ट्रैफिक जाम की समस्या से परेशान है। जिला प्रशासन की टीमें लगातार लोगों तक मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं।
मोबाइल और इंटरनेट सेवा में दिक्कत
भारी बारिश की वजह से कई मोबाइल टावर्स में भी पानी घुसने की खबर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सोमवार सुबह कुछ कंपनियों के नेटवर्क गायब हो गए। काफी देर बाद वो फिर से रिस्टोर हुए। वहीं शहर में इंटरनेट सेवाएं भी खराब मौसम की वजह से बाधित हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications