गोंडवाना एक्सप्रेस में एसी कोच के ब्रेक जाम, उठने लगा धुएं का गुबार, दहशत में यात्री, हादसा टला
Gondwana Express train जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन चलने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस में चलती ट्रेन में एसी कोच के पहिए के नीचे से अचानक धुंआ उठने लगा। धुंए का गुबार उठने से ट्रेन में हड़कंप मच गया। बीना-कटनी रेलखंड के मझगंवा रेलवे फाटक के पास ट्रेन को रोककर जांच की गई। ब्रेक ओवर हीटिंग के कारण ऐसी स्थिति बनी थी। घटना से रेलवे विभाग सहित ट्रेन में सवा यात्रियों में हड़कंप मच गया और यात्री आग लगने जैसी आशंका से दहशत में आ गए।
Recommended Video

रेलवे विभाग से मिली जानकारी अनुसार गोंडवाना एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 22181 जबलपुर स्टेशन निकली थी। कटनी स्टेशन से निकलते समय तक सब ठीक-ठाक था। बीना-कटनी रेलखंड में हर्दुआ-मझगंवा स्टेशन के बीच ट्रेन के एसी कोच के पहियों से अचानक तेजी से धुआं का गुबार निकलने लगा। यात्रियों ने इसकी सूचना गार्ड को दी, वहीं ड्राइवर तक सूचना पहुंचने के बाद अधिकारियों को सूचना देकर ट्रेन को मझगंवा रेलवे फाटक के पास रोका गया। ट्रैक पर दोनों तरफ का रेल ट्रैफिक भी रोकने की सूचना जारी कर दी गई। इधर एसी कोच के यात्री बाहर निकल आए और ट्रेन के पहियों के यहां धुआं निकलने की जानकारी जुटाने लगे। ट्रेन के यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गई थी।

रेलवे के यांत्रिकी विभाग के इंजीनियरों ने ट्रेन को चेक कर एनओसी दी, अब आगे बढ़ी
रेलवे सूत्रों के अनुसार गोंडवाना एक्सप्रेस के एसी कोच के नीचे लगे पहियों के ब्रेक में अचानक धुआं निकलने लगा । ट्रेन ड्राइवर ने तत्काल ट्रेन को रोका और इसकी जानकारी रेलवे कंट्रोल को दी। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर रेलवे के सुरक्षा और संरक्षा से जुड़े अधिकारी पहुंच गए और धुएं को नियंत्रण करने का प्रयास में जुट गए। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह आग पहिए में लगी ब्रेक की रबड़ के घर्षण से पैदा हुई है, जिसकी वजह से बड़े स्तर पर धुआं उठा। हालांकि अभी इसकी और भी गहन जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को करीब 35 मिनट देरी से आगे बढ़ सकी। दमोह स्टेशन पर ट्रेन का समय 6.25 पीएम का है, जबकि ट्रेन 35 मिनट देरी से पहुंची थी।












Click it and Unblock the Notifications