किन्नर राबिया ने करवाई बिन बाप की बेटी की शादी, पुत्र जन्मोत्सव पर मामा की भूमिका निभाई, देखें VIDEO
मुरैना, 4 फरवरी। नवजात बच्चों की सलामती की दुआ करने और लोगों की खुशियों में 'बधाई' मांगने वाले ट्रांसजेंडर (किन्नर) बुरे वक्त में मददगार भी होते हैं। इसका ताजा उदाहरण मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह में सामने आया है। अंबाह में किन्नर ने समाज के सामने मिसाल पेश की। उन्होंने बेसहारा बुजुर्ग मां की बेटी की शादी में भात की रस्म निभाई है। शादी के बाद बच्चा हुआ तो किन्नरों ने मामा-मामी बनकर भी रस्में निभाईं और मां-बेटे को ढेरों कीमती उपहार दिए।
Recommended Video

डोगर सिंह जाटव का 2 साल पहले निधन
दरअसल, अम्बाह कस्बे की प्रताप कॉलोनी में रहने वाले डोगर सिंह जाटव का 2 साल पहले निधन हो गया था। घर पर उनकी वृद्ध पत्नी चरण देवी, बेटी पूनम व दिव्यांग बेटा है। आय का कोई जरिया नहीं।

14 मार्च 2021 को शादी तय हुई
बूढ़ी मां ने अपनी बेटी की शादी रिश्तेदारों की मदद से समाज के ही एक युवक से तय कर दी। 14 मार्च 2021 को शादी तय हुई तो भात की रस्म अदायगी कौन करेगा यह संकट खड़ा हो गया?

चरण देवी की व्यथा पता चली
इसी दौरान मोहल्ले में बधाई मांगने के लिए अपनी टीम के साथ राबिया किन्नर पहुंची तो उन्हें चरण देवी की व्यथा पता चली। उन्होंने अपने साथी किन्नरों के साथ हजारों रुपए की भात सामग्री हाथ ठेले पर रखकर विवाह स्थल पर जाकर भाई बनकर पूनम के ब्याह में भात की रस्म अदा की।

10 माह बाद पूनम को बेटा हुआ
अब जब 10 माह बाद पूनम को बेटा हुआ तो गुरुवार को राबिया किन्नर अपने साथियों के साथ 70 हजार का सामान लेकर चरण देवी के यहां पहुंची। उसने यह सामग्री चरण देवी और उसके बेटे को भेंट की। ताकि यह सामान पछ की रस्म के लिए पूनम की ससुराल पहुंचाया जा सके। राबिया किन्नर की इस पहल की संपूर्ण नगर में सराहना की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications