MP News: पन्ना में दो भाइयों की हत्या, बाप-बेटे ने मां पर भी बरसाई गोलियां, जमीनी विवाद बना वारदात की वजह
Panna firing: एमपी में मुरैना की तरह पन्ना में भी अंधाधुंध फायरिंग की घटना हुई। एक परिवार में बर्थडे पार्टी के दौरान बाप-बेटे ने वारदात को अंजाम दिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। एक वृद्धा को भी गोली लगने से घायल है।

Panna firing: पन्ना के गोल्ही मुड़िया गांव में मुरैना हत्याकांड की तरह दो भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को सगे भाई और उसके बेटे ने ही अंजाम दिया। मां पर भी गोलिया बरसाई गई, जिसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में हुई इस हिंसक घटना से दहशत का माहौल है। मुड़िया गांव में रहने वाले नरेंद्र सिंह के बेटे का जन्मदिन था। उनका एक और भाई महेंद्र का परिवार भी बर्थडे पार्टी में पहुंचा था। आयोजन धूमधाम के साथ हो रहा था।
इसी दौरान बड़े भाई चरण सिंह का बेटा शुभम वहां पहुंच गया और अपने चाचा से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद करने लगा। दोनों पक्षों में पहले गाली-गलौच हुई फिर विवाद इतना बढ़ गया कि शुभम के साथ उसके पिता ने वहां फायरिंग शुरू कर दी।
अंधाधुंध गोलिया बरसाने के बाद बाप-बेटे दोनों भाग गए। कई राउंड फायर में महेंद्र. नरेंद्र और उनकी मां को गोलियां लगी। घायल अवस्था में सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों भाइयों की मौत हो गई। वृद्ध मां की हालत नाजुक बनी हुई हैं।
मौके पर पहुंची एडिशनल एसपी आरती सिंह ने बताया कि हमलावर बाप-बेटे पिस्टल से लैस थे। उसी से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गई।
कुछ ही घंटे बाद शुभम को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पिता चरण सिंह की तलाश जारी है। कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि चरण सिंह को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे वक्त विवाद की बात सामने आई है। मृतक के परिजनों ने हमलावरों के घर पर बुलडोजर चलाने की भी मांग की है। जिस बेटे का बर्थ डे था, उसके सामने पिता की मौत होता देख वह गहरे सदमे में है।












Click it and Unblock the Notifications