MP में आज से धान की खरीद शुरू, किसानों को मिलेगा 2300 रुपए प्रति क्विंटल MSP; किसान इन बातों का रखें खास ख्याल
Paddy Procurement: मध्य प्रदेश में 2300 रुपए समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी आज 2 दिसंबर से शुरू हो गई है। धान खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए कई तरह के इंतजाम किए गए हैं। सरकार समर्थन मूल्य पर 20 जनवरी 2025 तक धान की खरीदी करेगी। रीवा जिले में 78 केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
इस संबंध में रीवा कलेक्टर डॉक्टर सौरभ सोनवड़े बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 78 केन्द्र स्थापित किए गए हैं। जिले में 64243 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए पंजीयन कराया है। इनका सत्यापन किया जा चुका है।

धान उपार्जन के लिए तहसील गुढ़ में 6, रायपुर कर्चुलियान में 7, सेमरिया में 8, सिरमौर में 10 जवा में 5, त्योंथर में 19, मनगवां में 10, तहसील हुजूर में 15 खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं।अधिकांश गोदाम में ही खरीदी केन्द्र बनाए गए हैं जिससे उपार्जित धान का तत्काल भण्डारण हो सके।
प्रभारी कलेक्टर के मुताबिक इस वर्ष किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। धान खरीदी के लिए सभी खरीदी केन्द्रों में तौल कांटे एवं बारदाने उपलब्ध करा दिए गए हैं। जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से धान का उपार्जन किया जाएगा।
पंजीकृत किसान अपनी धान बेचने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर से अथवा एमपी ऑनलाइन कियोस्क सेंटर से दिनांक और समय का निर्धारण करके स्लॉट बुक कर सकते हैं। स्लॉट बुकिंग की सुविधा आरंभ हो गई है।

धान का उपार्जन करने के लिए खरीदी केन्द्र आते समय किसान असुविधा से बचने के लिए अपने पंजीयन की रसीद, स्लॉट बुकिंग पावती, आधार कार्ड और पंजीकृत मोबाइल अपने साथ रखें।
उपार्जन केन्द्र प्रभारी तथा किसान द्वारा बायोमेट्रिक अथवा ओटीपी सत्यापन के बाद ही खरीदी की पावती जारी होगी। इसे किसान अपने पास सुरक्षित रखें।
प्रभारी कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम तथा महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक को सभी खरीदी केन्द्रों में उपार्जन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पंजीयन व उपार्जन में आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिये जिले में और राज्य स्तर पर भी तकनीकी सेल का गठन किया गया है। जिला स्तरीय समिति उपार्जन संबंधी सभी विवादों का अंतिम निराकरण और उपार्जित खाद्यान्न की गुणवत्ता की निगरानी करेगी। राज्य स्तर पर एक कंट्रोल-रूम भी स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 0755-2551471 है, जो उपार्जन अवधि में सुबह 9 से रात 7 बजे तक संचालित रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications