MP में नक्सलियों ने फिर बहाया खून, मुखबिरी के शक में आदिवासी की हत्या
बालाघाट, 06 अगस्त: मप्र की जमीन पर नक्सलियों ने एक बार फिर खून बहाया है। नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले के पाथरी चौकी इलाके के रहने वाले 26 वर्षीय आदिवासी को निशाना बनाया गया। युवक को मौत के घाट उतारने के बाद मौके पर एक चिट्ठी छोड़ी गई, जिसमें दलम मलाजखंड के नक्सलियों ने वारदात की जिम्मेदारी ली। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

जिले के एएसपी आदित्य प्रताप सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की शिनाख्त 26 वर्षीय लालू धुर्वे के रूप में हुई है। जो पाथरी चौकी अंतर्गत जगला ग्राम रहने वाला था। यह घटना स्थल बालाघाट शहर से करीब 70 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है, जहाँ पूरा जंगली इलाका लगता है। इसी क्षेत्र में नक्सलियों का मूवमेंट अक्सर देखने को मिलता है।

वारदात के बाद नक्सलियों ने छोड़ी चिट्ठी
आदिवासी लालू धुर्वे की हत्या की जिम्मेदारी दलम मलाजखंड के नक्सलियों ने ली है। इस सिलसिले में घटना स्थल पर मृतक के शव के पास चिट्ठी पड़ी हुई भी मिली। जिसमें मलाजखंड एरिया कमेटी के नाम से इस चिठ्ठी में लिखा है कि 'पाथरी चौकी के थानेदार सरकारी पैसों की लालच और धमकी देकर ग्रामीणों से मुखबिरी कराना बंद करें।' आगे लिखा है कि विस्तार होते जनयुद्ध को नुकसान न पहुंचाए, पीड़ित मजदूर, किसान, मेहनतकश बेटा, बेटी और छापामार सैनिकों से मावोवादियों का साथ देने की अपील भी की गई है।
पुलिस अलर्ट, मौके पर सर्चिंग टीम
ग्रामीण आदिवासी की हत्या की खबर लगते ही पुलिस अलर्ट हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस फ़ोर्स घटना स्थल पहुंची और शव को बरामद कर जांच शुरू दी है। इसके साथ ही मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जंगल में सर्चिंग जारी है। ग्रामीणों से भी वारदात के सिलसिले में पूछताछ की जा रही है। आपको बता दें कि इससे पहले भी मुखबिरी के शक में नक्सली कई लोगों की जान ले चुकें है।












Click it and Unblock the Notifications