मैहर में नवरात्रि शारदेय मेला 3 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक, मां शारदा मंदिर में खत्म हुई VIP दर्शन की व्यवस्था
Maihar Temple: मध्य प्रदेश के मैहर जिले का सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल और धार्मिक नगरी मैहर में आगामी क्वार माह में शारदेय नवरात्रि मेला 3 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक आयोजित होगा।
नवरात्रि मेले में लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालु जनों के भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में सांसद सतना गणेश सिंह की उपस्थिति में गुरूवार को मेले की तैयारी और प्रबंधन के लिए बैठक सम्पन्न हुई।

प्रशासक मां शारदा मंदिर प्रबंध समिति मैहर और एसडीएम विकास सिंह ने बताया कि नवरात्रि मेला में औसत रूप से सवा लाख श्रद्धालु प्रतिदिन आते हैं। मैहर मेले में प्रतिदिन लगभग 2500 चार पहिया वाहन और 100-150 बड़े वाहन पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, पेयजल, सफाई, सुरक्षा, विद्युत आदि की सभी तैयारी की जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण के लिए मंदिर समिति के कर्मचारियों, पुलिस के अलावा अन्य विभागों के कार्मिकों की सेवायें ली जायेगी। मेला स्थल पर विभिन्न स्थानों पर प्राथमिक उपचार के लिए चिकित्सा स्टाल रहेंगे। जिनमें 3 पाली में चिकित्सक एवं पैरा मेडिकल स्टाफ दवाओं के साथ सेवाएं देंगे। नवरात्रि मेला में मंदिर एवं मेला परिसर में निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जायेगी।
दर्शन व्यवस्था के संबंध में बताया गया कि मेला के दौरान माँ शारदा देवी मंदिर के पट प्रातः 3.30 बजे खोले जाएंगे, दोपहर 1 बजे अल्प समय के लिए पट बंद रहेंगे। मां शारदा देवी मंदिर के पट रात्रि 10.30 बजे बंद होंगे। मेले के दौरान गर्भगृह में वीआईपी दर्शन व्यवस्था पूर्णतः वर्जित रहेगी।
नवरात्रि मेले में लगने वाले पुलिस बल की आवास व्यवस्था यात्री निवास 3 रहेगी। पुलिस बल के भोजन, नास्ते की व्यवस्था मंदिर समिति द्वारा की जायेगी। मेले में 4 पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था नर्सरी के सामने बड़ी पार्किंग में, बड़े वाहनों की पार्किंग देवी जी रोड बस स्टैण्ड में रहेगी। बंधा वैरियर के आगे 4 पहिया वाहन नहीं जायेंगे। मेले के दौरान रोपवे प्रातः 6 बजे से रात्रि में पट बंद होने तक संचालित रहेगा। मेले के पूर्व रोपवे का मेंटेनेंस कराया जा रहा है।
एसडीएम ने बताया कि पहाड़ी में मंदिर होने के फलस्वरूप मंदिर और सीढ़ियों में आकस्मिक रूप से जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की संभावनओं के दृष्टिगत सपेरों की चौबीस घंटे व्यवस्था रखी गई हैं। मंदिर पहाड़ी पर वन विभाग के सुरक्षा कर्मचारियों की डयूटी भी लगाई जायेगी। मेले की व्यवस्था की निगरानी में 112 सीसीटीवी कैमरे संचालित है।
आवश्यकतानुसार इनकी संख्या बढ़ाई जायेगी। साथ ही मेला की निगरानी के लिए 2-2 नग ड्रोन कैमरा तथा वीडियो कैमरा की व्यवस्था की जायेगी। मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के लिए रात्रि में रामलीला मंचन एवं अन्य सांस्कृतिक भक्तिपूर्ण कार्यक्रम भी किये जायेंगे।












Click it and Unblock the Notifications