MP News: नमाज के बाद मुस्लिमों ने भी खेली होली, गले मिलकर दी बधाई, सीएम हाउस में गूंजी ब्रज की होली
मध्य प्रदेश में होली की धूम पूरे जोश और उमंग के साथ देखी जा रही है। रंगों के इस महापर्व की शुरुआत उज्जैन के महाकाल मंदिर से हुई, जहां देश में सबसे पहले भगवान महाकाल ने होली खेली। भस्म आरती के दौरान सुबह 4 बजे पुजारियों और पुरोहितों ने बाबा महाकाल को गुलाल अर्पित किया। इसके बाद साधु-संतों ने रंग-गुलाल उड़ाकर धुलेंडी का उत्सव मनाया।
मध्य प्रदेश में इस बार होली का नजारा खास रहा। धार्मिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए मुस्लिम समाज के लोगों ने भी होली खेली। इंदौर के कलाई कुई मस्जिद और गुलजार कॉलोनी में जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और होली की शुभकामनाएं दीं।

सीएम हाउस में गूंजी ब्रज की होली
राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास भी रंगों में सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली उत्सव के दौरान पारंपरिक ब्रज की होली खेली और 'आज भोपाल में होली रे रसिया' गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान राधा-कृष्ण स्वरूपों पर फूल बरसाए गए और जमकर रंग-गुलाल उड़ाया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और सभी से प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
इंदौर में सुरक्षा को लेकर बदला जुमे की नमाज का समय
इंदौर में होली और जुमे की नमाज एक ही दिन पड़ने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जुमे की नमाज के समय में बदलाव किया। जूनी इंदौर इलाके में नमाज को दो भागों में विभाजित किया गया। पहली नमाज दोपहर 1:10 बजे और दूसरी 2:10 बजे अदा की गई।
मुस्लिम समाज ने पुलिस अधिकारियों को दिए गुलाब
इंदौर के गुलजार कॉलोनी में जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने शांति और सौहार्द का संदेश देते हुए पुलिस अधिकारियों को गुलाब के फूल भेंट किए और रंग लगाकर उन्हें होली की बधाई दी। एसीपी देवेंद्र दूर्वे और टीआई अनिल गुप्ता को समाज के लोगों ने गुलाब देकर उनका सम्मान किया। इसी तरह थाना छत्रीपुरा में भी हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर होली का त्योहार मनाया और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

मस्जिद में भी उड़ा गुलाल
इंदौर के कलाई कुई मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। यह नजारा धार्मिक सौहार्द और एकता की मिसाल बना।
भोपाल और इंदौर में पुलिस के कड़े इंतजाम
होली के जुलूस और जुमे की नमाज के चलते भोपाल में 3,000 से ज्यादा और ग्वालियर-इंदौर में 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए। उज्जैन और ग्वालियर में ड्रोन से निगरानी रखी गई। इसके अलावा, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई और ग्वालियर में बिना अनुमति के बजाए जा रहे डीजे को जब्त किया गया।
इंदौर में 100 से ज्यादा जगहों पर होली मिलन समारोह
इंदौर में होली का रंग पूरे जोश के साथ नजर आया। 100 से ज्यादा कॉलोनियों में होली मिलन समारोह आयोजित किए गए। शहर के टाउनशिप और क्लब हाउसों में फाग उत्सव की धूम रही। कई होली मिलन कार्यक्रमों के लिए रिसॉर्ट्स में एडवांस बुकिंग की गई थी।
राजधानी में 150 से अधिक स्थानों पर खेली गई होली
भोपाल की 150 से अधिक कॉलोनियों में होली मिलन समारोह आयोजित किए गए। कोलार, संत नगर, करोंद, अयोध्या नगर, अशोका गार्डन और आनंद नगर जैसे इलाकों में रंगों की धूम रही। वहीं, मंगलवारा में किन्नर समाज की विशेष होली आयोजित की गई, जहां समाज के लोगों ने पारंपरिक तरीके से रंगों के साथ होली खेली और उत्सव मनाया।
सुरक्षा के लिए तैनात किए गए हजारों जवान
भोपाल में सुरक्षा के लिए 3,500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिस ने शहर में 45 संवेदनशील इलाकों की पहचान की, जहां विशेष गश्त की गई। सभी थाना क्षेत्रों में पांच-पांच अतिरिक्त मोबाइल वैन भी लगाई गईं, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications