परिजनों ने युवती के हाथ में माला देकर सामने खड़ा किया प्रेमी और मंगेतर, जानिए किसे चुना दूल्हा
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी देहात थाना इलाके में एक शादी खासी चर्चा में है। वजह यह है कि युवती के सामने एक तरफ प्रेमी खड़ा था और दूसरी तरफ होने वाला पति। दोनों में से किसी को चुनना था। फिर युवती ने जो फैसला किया। उसकी वजह से यह शादी सुर्खियों में है।

राजस्थान के मनीष से की सगाई
हुआ यूं कि मध्य प्रदेश के शिवपुरी के देहात थाना इलाके के अहीर मोहल्ला निवासी रश्मी जोशी और उसका पड़ोसी लोकेश जोशी एक दूसरे से प्यार करते थे। हाल ही रश्मी के परिजनों ने सगाई राजस्थान के कैलवाड़ा निवासी मनीष जोशी के साथ तय कर दी।

8 नवंबर को होनी थी शादी
देवउठनी एकादशी 2019 पर 8 नवंबर को रश्मी के परिजन उसकी शादी मनीष के साथ करने वाले थे जबकि रश्मी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। यह बात जब रश्मी के मंगेतर मनीष के घर पहुंची तो बुधवार को मनीष व उसके परिवार वाले शिवपुरी आए। जब मनीष व उसके परिवार के लोग रश्मी के घर पहुंचे तभी लोकेश भी वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों में काफी बहस हुई और परिवार, समाज, रिश्तेदारों की पंचायत बुलाई गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

फिर ऐसे हुआ फैसला
आखिरकार सभी ने मिलकर यह निर्णय लिया और प्रेमी लोकेश व मंगेतर मनीष को देवताओं के चबूतरे के सामने खड़ा कर दिया। इसके बाद रश्मी को एक माला दी गई तथा उससे कहा कि वह बिना किसी दबाव व डर के उस लड़के के गले में माला पहना दे जो उसे पसंद हो। रश्मी माला लेकर लोकेश की तरफ जाने लगी तो परिवार वालों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। लोकेश के कुछ समर्थक, मित्र व मां भी वहां पहुंच गई। काफी कहासुनी के बाद एक बार फिर रश्मी को बाहर बुलाया गया तो इस बार भी लोकेश की तरफ कदम बढ़ाए तथा उसके गले में माला पहनाकर लोकेश को हमसफर चुन लिया।












Click it and Unblock the Notifications