MP News: महू उपद्रव की आंखोंदेखी, कैसे हुआ भारत की जीत के जुलूस पर पथराव, जानिए
मध्य प्रदेश के महू (डॉ. अंबेडकर नगर) में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भारत और न्यूजीलैंड मैच में भारत की जीत के बाद कुछ लोग जीत का जश्न मनाने सड़कों पर निकले थे, लेकिन अचानक एक पक्ष की ओर से पथराव कर देने के बाद माहौल बिगड़ गया, और देखते ही देखते उपद्रवियों ने वाहनों में आग लगा दी।
वहीं इस घटनाक्रम में कई लोगों को चोट लगी है, जिनका इलाज जारी है। महू में बाजार बंद है, साथ ही एक पक्ष के लोग थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवा रहे हैं, तो वहीं दूसरा पक्ष बातचीत करने से बचता नजर आ रहा है।

वन इंडिया हिंदी से बातचीत करते हुए कुछ युवाओं ने उपद्रव की आंखों देखी बयान की है, जहां महू उपद्रव में घायल हुए रितेश सोलंकी बताते हैं कि, भारत मैच जीत गई थी, उसका उत्सव मनाने के लिए हम ड्रीमलैंड चौराहे से शांतिपूर्वक भारत माता की जय और वंदे मातरम का उद्बोधन करते हुए निकल रहे थे, हम जैसे ही फ्रूट मार्केट स्थित जामा मस्जिद आए तो मस्जिद में से निकले कुछ लोगों ने हमें भारत माता की जय के नारे लगाने से मना किया। विरोध करने पर शहर काजी ने सभी से मारने की बात कही, जिसके बाद सभी ने हम पर हमला कर दिया।
उपद्रव में घायल यश बताते हैं कि, न्यूजीलैंड और इंडिया के मैच में जैसे ही इंडिया ने मैच जीता तब सभी महू के भाई इकट्ठा हुए, और हर बार की तरह जश्न मनाया, जैसे ही हमारा जुलूस मस्जिद के सामने गया, मस्जिद से निकले कुछ लोगों ने हम पर हमला कर दिया। मेरे भाई समेत कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें 15 से 20 लोगों ने घेर कर मारा है। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि, मैं किराने का सामान लेकर आ रहा था, तभी मैंने देखा कि कुछ लोग वंदे मातरम बोल रहे लोगों पर हमला कर रहे हैं, बेरहमी से इन लोगों को मारा पीटा गया है।
डॉ. अम्बेडकर नगर महू में 09 मार्च की रात्रि को हुई घटना के बाद स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। एहतियात के रूप में सुरक्षा के माकूल इंतजाम किये गए है। दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि, घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा। दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। अभी तक 13 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। कुछ आरोपियों के विरूद्ध रासुका के तहत भी कार्रवाई की जायेगी। घटना के पश्चात डॉ. अम्बेडकर नगर महू में चौकस निगरानी रखी जा रही है।
कलेक्टर सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जायेगी। शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई होगी। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी आशीष सिंह और एसपी ग्रामीण हितिका वासल सहित जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तुरंत ही महू पहुँचे तथा देर रात तक उपस्थित रहकर स्थिति को नियंत्रित कराया।
ये भी पढ़े- Indore News: इंदौर के इस बाजार में बुलडोजर एक्शन, इन इलाकों से हटेगा अतिक्रमण












Click it and Unblock the Notifications