ऐशबाग आरओबी का मंत्री विश्वास सारंग ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए ये निर्देश
MP News: खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार 21 फरवरी को निर्माणाधीन ऐशबाग आरओबी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। साथ ही साथ संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) के मुख्य अभियंता की गैर-मौजूदगी को लेकर मंत्री सारंग ने फोन कर नाराजगी व्यक्त की। दरअसल, मंत्री विश्वास सारंग के निरीक्षण की सूचना होने के बावजूद भी चीफ इंजीनियर नदारद रहे। चीफ इंजीनियर के नदारद रहने पर मंत्री सारंग ने पर फोन कर नाराजगी व्यक्त की।

साथ ही, कहा कि आपने निर्माणाधीन सेतु का कब-कब निरीक्षण किया है। निरीक्षण के अभाव में स्तरहीन गुणवत्ता का निर्माण कार्य हो रहा है। चीफ इंजीनियर द्वारा जानकारी नहीं देने पर सारंग ने अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने इसको लेकर प्रमुख सचिव लोक निर्माण से भी बात की।
ज्ञात हो कि उच्च अधिकारियों द्वारा सुपरविजन नहीं करने से पूर्व में भी एक कॉलम का निर्माण तय मापदंडों के अनुरूप नहीं हुआ था, जिसे मंत्री श्री सारंग के निर्देश पर तोड़कर पुन: निर्माण कराया गया था। मंत्री ने कहा कि नरेला विधानसभा में नागरिकों की सुविधाओं के लिए सबसे अधिक फ्लाई-ओवर्स का निर्माण किया गया है।
ऐशबाग सहित आसपास के यात्रियों के आवागमन की यात्रा सुगम हो, इसके लिए ऐशबाग आरओबी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निर्माण को लेकर एक कैलेंडर तैयार किया गया है, जिससे रेलवे एवं लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) के बीच समन्वय के साथ कार्य हो सके। जून माह के अंत तक ऐशबाग आरओबी बनकर तैयार हो जायेगा।
उन्होंने बताया कि ऐशबाग रेलवे क्रासिंग बंद होने के कारण नागरिकों को लगभग डेढ़ किलोमीटर का चक्कर काटकर आना पड़ता है। निर्माण के बाद पुराने भोपाल एवं नए शहर की ओर भारी यातायात भार कम होगा। इस आरओबी से आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लगभग डेढ़ लाख से ज्यादा रहवासियों को भी सीधा फायदा होगा।












Click it and Unblock the Notifications