दूध निकालने के दौरान बिदकी गाय ने सींग मारा तो युवक कुएं में जा गिरा, तोड़ा दम
मंदसौर, 27 अगस्त। मध्य प्रदेश के मंदसौर में अजीब हादसा हुआ है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। वो मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रहा था। जिसने भी इस हादसे के बारे में सुना वो स्तब्ध रह गया।

एमपी पीएससी की तैयारी कर रहा था अखिलेश
दरअसल, हुआ ये कि मंदसौर जिले के गांव लसूड़िया निवासी 25 वर्षीय अखिलेश रावल मंदसौर में रहकर एमपी पीएससी की तैयारी कर रहा था। साथ ही वह बच्चों को कोचिंग देकर अपनी तैयारी का खर्च भी निकाल रहा था।

रक्षाबंधन पर घर आया हुआ था अखिलेश रावल
रक्षाबंधन पर अखिलेश रावल अपने घर आया हुआ था। गुरुवार को वह अपने खेत पर पशुओं के बाड़े गाय का दूध निकालने गया था। इस दौरान गाय बिदक गई और अखिलेश के सींग मार दिया, जिससे उसका संतुलना बिगड़ गया और वह पास स्थित कुएं में गिरा।

काफी देर तक अखिलेश घर नहीं लौटा
काफी देर तक अखिलेश घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में खेत में पहुंचे। बाड़े में अखिलेश नहीं दिखा। काफी तलाश के बाद वह कुएं में गिरा नजर आया। परिजनों ने उसे बाहर निकाला, मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

शरीर पर गाय के सींग के निशान मिले
परिजनों के अनुसार युवक के शरीर पर गाय के सींग के निशान मिले हैं। गाय बाड़े में खुली ही थी। उसे बांध नहीं रखा था। वह अनजान लोगों को देख भड़क जाती है। अखिलेश बाड़े में कभी कभार ही जाता था। उसे देखकर गाय बिदक गई होगी और सींग मारा होगा। उसके बाद अखिलेश कुएं में गिर गया।

अखिलेश को तैरना नहीं आता था
कुंए में पानी भर हुआ था। अखिलेश को तैरना नहीं आता था। वह अपने परिवार में सबसे बड़ा था। पीसीएस की तैयारी के चलते हर कोई उसके अफसर बनने का इंतजार कर रहा था। इस बीच रक्षाबंधन के पांच दिन बाद ही हुए इस हादसे ने हर किसी को रुला दिया।












Click it and Unblock the Notifications