हाईकोर्ट के पूर्व जज करेंगे मंदसौर फायरिंग मामले की जांच
बीते कई दिनों से मध्य प्रदेश के किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
भोपाल। मध्य प्रदेश के मंदसौर में छह जून को पुलिस फायरिंग में पांच किसानों की मौत की जांच के लिए राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज जेके जैन के नेतृत्व में एक सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। एक सदस्यीयकमेटी मामले की जांच करेगी। कमेटी तीन महीने में मामले की जांच के बाद राज्य सरकार को रिपोर्ट देगी।

बीते कई दिनों से मध्य प्रदेश के किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते छह जून को मंदसौर जिले में किसान आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में पांच किसानों की मौत हो गई थी। इसके अलावा छह अन्य किसान घायल भी हो गए थे। इसके बाद किसान भड़क गये और किसान आंदोलन पूरे प्रदेश में फैल गया। इसके बाद राज्य के कई जिलों में कर्फ्यू लगाना पड़ा। हालांकि अब धीरे-धीरे राज्य के हालात सामान्य हो रहे हैं।
इन बिंदुओं पर केंद्रित होगी जस्टिस जैन की जांच
- किन परिस्थितियों में हुआ गोलीकांड?
- घटनास्थल पर गोलीकांड के वक्त क्या परिस्थितियां थीं?
- गोली चलाने का फैसला उस समय की परिस्थितियों में सही था या नहीं? और इसके लिए कौन जिम्मेदार था?
- क्या जिला प्रशासन और पुलिस ने पर्याप्त कदम उठाए थे?
शिवराज ने किया उपवास
राज्य में हिंसा को लेकर शनिवार से रविवार तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने उपवास भी किया था। इस मामले को लेकर जहां भाजपा ने कांग्रेस पर राज्य में हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है तो वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर राज्य की स्थिति को समझ पाने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications