MP सरकार ने जारी किया टोल फ्री नंबर, अमरनाथ में फंसे श्रद्धालुओं के परिजन ले सकेंगे पूरी जानकारी
भोपाल, 09 जुलाई। अमरनाथ गुफा के नजदीक शुक्रवार को बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया। बादल फटने की वजह से अमरनाथ यात्रा पर निकले मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों के हजारों श्रद्धालु फंस गए हैं। हालांकि, सभी को सकुशल निकाला जा सके, इसके लिए बीएसएफ के MI-17 हेलीकॉप्टर को लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक अब तक लगभग 15000 लोगों को निकाला भी जा चुका है। इसी बीच मध्य प्रदेश सरकार ने अमरनाथ यात्रा में फंसे परिजनों की जानकारी के टोल फ्री नंबर भी जारी कर दिया है। इस नंबर पर पूरी जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक ट्वीट कर लिखा कि मध्य प्रदेश के नागरिक जो अमरनाथ यात्रा में कल बादल फटने के कारण फंस गए हैं। उनकी जानकारी हेतु आप शासन द्वारा जारी निम्न हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। अगर आपके परिवार के भी कोई सदस्य अमरनाथ में बादल फटने की वजह से फंस गए हैं, तो आप मध्य प्रदेश के शहरों से 181 और प्रदेश के बाहर से 0755-2555582 पर संपर्क कर सकते हैं। इस नंबर पर कॉल करने पर पूरी जानकारी दी जाएगी।
अब तक 16 की मौत
एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल के मुताबिक अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है। 40 लोग अभी भी लापता हैं। उन्होंने कहा कि भूस्खलन नहीं, लेकिन बारिश जारी है, हालांकि बचाव कार्य में कोई दिक्कत नहीं है। कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द फंसे हुए लोगों को बाहर निकाल लिया जाए।
लापता लोगों की तलाश जारी
बचाव कार्य में 100 से अधिक बचावकर्मियों के साथ एनडीआरएफ की 4 टीमें मौके पर तैनात हैं। बचाव कार्य के लिए भारतीय सेना, एसडीआरएफ, सीआरपीएफ और अन्य बचाव दल को तैनात किया गया है। वहीं, बादल फटने से प्रभावित इलाकों के पास लगातार मलबा साफ किया जा रहा है और लापता लोगों की तलाश जारी है।
PM ने की LG से बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इसके लिए उन्होंने जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा से बात की और स्थिति का जायजा लिया। पीएम मोदी ने कहा प्रभावितों को हर संभव सहायता मुहैया कराई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications