MP: बरगी नहर के पानी से सतना की समृद्धि में होगी वृद्धि, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा
MP News: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल गुरुवार 22 फरवरी को सतना पहुंचे। यहां एकेएस विश्वविद्यालय परिसर में प्रदेश स्तरीय तृतीय कृषि विज्ञान मेले के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अगस्त माह तक नर्मदा का जल बरगी नहर के माध्यम से सतना जिले के खेतों में आने वाला है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि खेतों में सिंचाई की सुविधा से कृषि उत्पादन बढ़ेगा और क्षेत्र की समृद्धि में वृद्धि होगी। कहा कि कृषि, देश के विकास की रीढ़ है। किसान समृद्ध होगा, तभी देश समृद्ध बनेगा। केंद्र और राज्य सरकार निरंतर किसानों के कल्याण और विकास की योजनायें क्रियान्वित कर रही हैं।

किसानों की समृद्धि से व्यापार को मजबूती मिलती है। रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। डिप्टी सीएम शुक्ल ने आत्मा परियोजना के अंतर्गत चयनित उत्कृष्ट किसानों को पुरस्कारों का वितरण किया। इस दौरान सांसद गणेश सिंह ने कहा कि आज के चुनौतीपूर्ण समय में पारंपरिक खेती कई समस्याओं का हल है।
कहा कि प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों को जागरुक किया जाना अनिवार्य है। कृषि विज्ञान मेले में प्राकृतिक, जैविक और सटीक खेती की जानकारी कृषकों को प्रदान की गयी। विधायक चित्रकूट सुरेंद्र सिंह गहरवार, सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक एवं किसान उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications