MP: बीच रास्ते में एंबुलेंस की ऑक्सीजन खत्म, मरीज ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ा
सागर, 7 सितंबर। मप्र के दमोह जिला अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए एक मरीज की बीच रास्ते में ही तड़प तड़प कर मौत हो गई। निजी एंबुलेंस के ऑक्सीजन सिलेंडर ने मरीज की जान ले ली। अस्पताल से मरीज को लेकर एंबुलेंस निकली और बीच रास्ते में सिलेंडर की ऑक्सीजन खाली हो गई। मरीज ने तड़पकर एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल वापस लौटे परिजन ने यहां जमकर हंगामा किया।
Recommended Video

मप्र के दमोह जिले क बटियागढ़ के तिंदुआ सेडारा गांव के ब्रजेंद्र सिंह पिता भैयालाल को सांप ने काट लिया था। उसे पहले बटियागढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ब्रजेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उसे भर्ती कर उपचार दिया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, लेकिन काफी इंतजार करने के बाद भी एंबुलेंस नहीं मिली तो परिजन ने निजी एंबुलेंस किराए पर ली थी। उसमें डीजल डलवाया और मरीज को एंबुलेंस के माध्यम से जबलपुर के लिए लेकर निकले थे।

बीच रास्ते में एंबुलेंस का ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म
परिजन के बताए अनुसार एंबुलेंस करीब 10 किलोमीटर ही चली होगी कि एंबुलेंस में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर की ऑक्सीजन खत्म हो गई। आनन-फानन में दूसरा सिलेंडर लगाया गया तो वह भी खाली निकला। परिजन हड़बड़ाहट में एंबुलेस को वापस जिला अस्पताल लेकर आए, लेकिन इससे पहले ही ब्रजेंद्र ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने के बाद परिजन ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया, बाद में पुलिस ने मामला शांत कराया। परिजन ने आरोप लगाया है कि निजी एंबुलेस संचालक पर कार्रवाई होना चाहिए, उससे पहले ही ऑक्सीजन सिलेंडर को लेकर बात की गई थी, उसने कहा था कि पर्याप्त ऑक्सीजन है। इधर सरकारी 108 एंबुलेंस भी नहीं आई, जिस कारण बेटे ने दम तोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications