Mohan Yadav की शपथ के साक्षी बनेंगे गृह नगर उज्जैन के कार्यकर्ता, तैयारी पूरी
(संवाद सूत्र: उज्जैन से विमल बैंडवाल)
राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव व मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह होना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा 2 केंद्रीय मंत्री और 6 राज्यों के सीएम सहित कई वरिष्ठ नेता भी भोपाल पहुंच रहे हैं।
डॉ. मोहन यादव के गृह नगर से ही तकरीबन 500 से अधिक बसें और 800 से अधिक निजी वाहनों से कार्यकर्ता और पदाधिकारी भोपाल पहुंच रहे हैं। मंगलवार शाम से ही कार्यकर्ता और शहर वासियों ने निजी वाहनों और बसों से भोपाल पहुंचना शुरू कर दिया है। इन सभी को बुधवार सुबह 10:30 बजे तक भोपाल पहुंचने का समय दिया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में उज्जैन शहर व ग्रामीण क्षेत्र से तकरीबन 12 से 15 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है।

भगवान महाकाल के करेंगे दर्शन
शपथ लेने के बाद डॉक्टर मोहन यादव पहली बार 16 को उज्जैन पहुंचेंगे, और बाबा के महाकाल दर्शन कर जुलूस के रूप में भाजपा के लोक शक्ति कार्यालय पर पहुंचेंगे, जहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। BJP के शहर अध्यक्ष विवेक जोशी ने बताया कि, उज्जैन वासियों के लिए यह गौरव की बात है की, डॉक्टर मोहन यादव अब प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, और वह उज्जैन में पहली बार सीएम बनने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने शहर वासियों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में आने का निवेदन किया है।
52 साल बाद उज्जैन से CM
यह धर्म नगरी उज्जैन के लिए बड़े गौरव की बात है कि 52 वर्षों बाद मुख्यमंत्री के तौर पर उज्जैन से विधायक रहे डॉक्टर मोहन यादव प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। उज्जैन से उच्च शिक्षा मंत्री रह चुके डॉक्टर मोहन यादव अब भोपाल में रहकर प्रदेश की कमान संभालेंगे।
ये भी पढ़े- Mohan Yadav अब उज्जैन में नहीं रूक सकेंगे रात, इस शहर में दो राजा नहीं रहते साथ












Click it and Unblock the Notifications