मिलिए ऑटो में डिलीवरी करवाने वालीं SI अरुंधति राजावत व कांस्टेबल इतिश्री से, देखें वायरल VIDEO
राजगढ़, 6 अगस्त। ये हैं मध्य प्रदेश पुलिस की एसआई अरुंधति राजावत व कांस्टेबल इतिश्री। दोनों मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया पुलिस थाने में तैनात हैं। इन्होंने प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला की मदद के लिए जो कदम उठाया उससे पूरे प्रदेश में हर कोई इन्हें सैल्यूट करता नजर आ रहा है।
Recommended Video

सब इंस्पेक्टर व कांस्टेबल का इंटरव्यू
सब इंस्पेक्टर अरुंधति राजावत व कांस्टेबल इतिश्री ने समय रहते प्रसूता को संभाला और मजबूरन ऑटो में ही डिलीवरी करवाई। फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। वन इंडिया हिंदी से बातचीत में एसआई अरुंधति राजावत व कांस्टेबल इतिश्री ने वो पूरा वाक्या शेयर किया, जिसमें उन्होंने भारी बारिश के दौरान खुद की जान जोखिम में डालकर ऑटो में ही डिलीवरी करवाने के बाद प्रसूता को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

दो दिन से हो रही बारिश
एसआई अरुंधति राजावत व कांस्टेबल इतिश्री कहती हैं कि क्षेत्र में दो दिन से बारिश हो रही थी। सारे नदी नाले उफान मार रहे हैं। 5 अगस्त को हम दोनों सुठालिया पुलिस थाने पर थीं। हम गेट के पास खड़ी थीं। बारिश लगातार हो रही थी। करीब सुबह के 11 बज रहे थे।

अन्य ऑटो चालक ने दी सूचना
इसी दौरान पुलिस थाने के पास से गुजरे एक ऑटो चालक ने बताया कि करीब 100 मीटर दूर बरसाती पानी की वजह से एक ऑटो फंस गया। सड़क के दोनों तरफ से भंयकर पानी आ रहा है। ऑटो अस्पताल नहीं पहुंच पा रहा। ऑटो में कोई प्रसूता है।

गांव मोठड़ली की प्रसूता इकलेश बाई
यह इत्तला सुठालिया पुलिस थानाधिकारी रामकुमार रघुवंशी को भी मिल गई थी। उन्होंने एसआई अरुंधति राजावत, कांस्टेबल इतिश्री व अन्य स्टाफ को तुरंत मौके पर भेजा। अरंधति ट्रेक शूट व इतिश्री रेनकोट पहने थीं। वहां जाकर पता चला कि उन्हीं के थाना इलाके के गांव मोठड़ली की इकलेश बाई जाति बंजारा को प्रसव पीड़ा हो रही है।

पति व सास आए थे प्रसूता के साथ
इकलेश बंजारा को उसकी सास मेवाबाई व पति ऑटो से सुठालिया सिविल अस्पताल ले जाना चाह रहे थे, मगर पुलिस पर बरसाती पानी की आवक अधिक होने से ऑटो को आगे ले जाना संभव नहीं हो रहा और इधर इकलेश की प्रसव पीड़ा बढ़ती जा रही थी।

पास में आंगनबाड़ी केंद्र को खुलवाया
एसआई अरुंधति राजावत कहती हैं कि दर्द कराहती इकलेश को अस्पताल पहुंचाने के लिए हमने हर संभव प्रयास किए, मगर मजबूरन ऑटो में प्रसव करवाना पड़ा। साथ ही हमने पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को खुलवाया। नर्सिंग स्टाफ को भी मौके पर बुलाया।

45 मिनट बाद पहुंचाया अस्पताल
फिर अरुंधति राजावत नवजात लड़के को गोद में लेकर पास स्थित दुकान के टीनशैड के नीचे आ गईं और प्रसूता के परिजन व नर्सिंग स्टाफ ऑटो में प्रसूता की देखभाल करते रहे। करीब 45 मिनट बाद पानी का बहाव कम हुआ। तब प्रसूता व नवजात बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

एसआई अरुंधति राजावत की जीवनी
बता दें कि अरुंधति राजावत मूलरूप से शिवपुरी की रहने वाली हैं। साल 2018 बैच की मध्य प्रदेश पुलिस की एसआई हैं। दो साल से सुठालिया पुलिस थाने में तैनात हैं। इससे पहले राजगढ़ कोतवाली में पोस्टेड थीं।

कांस्टेबल इतिश्री की जीवनी
कांस्टेबल इतिश्री मूलरूप से मध्य प्रदेश के सिहोर जिले के इछावर की रहने वाली हैं। साल 2018 बैच की मध्य प्रदेश पुलिस की कांस्टेबल हैं। सुठालिया थाने में इतिश्री की पहली पोस्टिंग है। यहां बीते तीन साल से तैनात हैं।

गृहमंत्री ने कहा शाबाश SI अरुंधती, constable इतिश्री
बता दें कि SI अरुंधती व constable इतिश्री के इस सराहनीय कार्य की राजगढ़ एसपी प्रदीप शर्मा, मध्य प्रदेश डीजीपी व खुद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने प्रशंसा की है। गृहमंत्री मिश्रा ने ट्वीट करके दोनों महिला पुलिसकर्मियों को शाबाशी देते हुए कहा कि इन्होंने भारी बारिश के दौरान ऑटो में डिलीवरी करवाकर मॉं व बच्चे को नया जीवन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications