आष्टा में मनोज परमार के बच्चों से कांग्रेस के पवन खेड़ा, अलका लांबा और पटवारी सहित कई नेताओं ने मुलाकात की
MP News: आज कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने मध्य प्रदेश के आष्टा में मृतक दंपत्ति मनोज और नेहा परमार के बच्चों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मध्य प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह, कांग्रेस मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

विधायक बरैया का भाजपा पर हमला
इस दौरान कांग्रेस विधायक जतिन बरैया ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख जताया और भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "यह देश का पहला मामला है, जब ईडी की प्रताड़ना से एक पति-पत्नी ने आत्महत्या की है। इस सरकार के तहत यह पहली बार हुआ है और हम चुप नहीं बैठेंगे। इस मामले को विधानसभा में उठाया जाएगा और दोषियों को सजा दिलाने के लिए कांग्रेस हर संभव कदम उठाएगी।"
आष्टा की घटना पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
आष्टा में पति-पत्नी की आत्महत्या के मामले को लेकर कांग्रेस का विरोध जारी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को भोपाल में विधानसभा घेराव भी किया और इस मामले को जोर-शोर से उठाया। सीहोर के पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैलाश परमार ने बताया कि इस घेराव में जिले से करीब 3500 से 4000 लोग शामिल हुए थे। इस दौरान कांग्रेस ने न केवल किसानों के मुद्दे, महंगाई और भ्रष्टाचार पर सरकार से सवाल किए, बल्कि आष्टा में हुई आत्महत्या की घटना पर भी ध्यान आकर्षित किया।
कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा की सरकार के तहत इस तरह के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, और वे इसके खिलाफ सख्त कदम उठाने का संकल्प लेते हैं।

कांग्रेस नेताओं ने इन बच्चों के माता-पिता की दुखद मृत्यु पर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी इन बच्चों के साथ खड़ी है। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेताओं ने परमार परिवार के बच्चों से वादा किया कि वे शिक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में उनकी मदद करेंगे और कांग्रेस पार्टी उनके साथ पूरी तरह से खड़ी रहेगी।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बच्चों की गुल्लक की चर्चा
यह उल्लेखनीय है कि परमार परिवार के ये वही बच्चे हैं जिन्होंने अपनी पॉकेट मनी बचाकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उन्हें एक गुल्लक भेंट की थी। तब से इन बच्चों की गुल्लक टीम के नाम से पहचान बन गई थी और उनका नाम देशभर में चर्चित हो गया था। कांग्रेस नेताओं ने बच्चों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे किसी भी कठिनाई में अकेले नहीं हैं और कांग्रेस पार्टी उनके भविष्य के लिए हर संभव मदद करेगी।
कांग्रेस नेताओं का एकजुट समर्थन
इस मौके पर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती नूरी खान, पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल, प्रवक्ता जितेंद्र मिश्रा, राजकुमार सिंह, केश शिल्पी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनोद सैन, पूर्व विधायक संजू शर्मा, सुनील सर्राफ, नीरज दीक्षित सहित अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications