MP में भाई ने जीवित बहन का किया क्रियाकर्म, प्रेम विवाह से खफा मां-बाप ने बेटी का मृत्युभोज करा दिया
Mandsaur News: मध्यप्रदेश के मंदसौर में बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाई ने जीवित बहन का सांकेतिक क्रियाकर्म करते हुए मृत्यु भोज तक दे डाला।
इसके लिए युवती के भाई ने बकायदा गोरनी (मृत्युभोज) आयोजन की पत्रिका छपवाकर रिश्तेदारों में बंटवाईं और फिर आज रविवार 1 दिसंबर को बहन की फोटो लगी तस्वीर पर माला पहनाकर मौत के बाद निभाई जाने वाली रस्में भी अदा कर दीं। यह खबर इलाके में चर्चा का विषय भी बन गई है।

जिले के ग्राम शक्करखेड़ी निवासी उमेश पाटीदार की बहन भगवती अपने प्रेमी के साथ 25 नवंबर को घर से बिना बताए चली गई और प्रेमी के साथ प्रेम विवाह कर लिया। इस बात की जानकारी जब परिवार वालों को लगी तो यह बात परिजनों को नागवार गुजरी।
जिसके बाद भाई उमेश पाटीदार ने युवती को मृत मानकर गौरनी पत्रिका छपवाई और रिश्तेदारों को एक दिसंबर को सुबह 9 बजे गोरनी कार्यक्रम में आमंत्रित किया।
परिजनों ने रिश्तेदारों के समक्ष गोरनी कार्यक्रम के तहत घर में युवती की फोटो सामने रखकर तेरहवीं की रस्में पूरी की। किसी के मरने के बाद जिस तरह तेरहवीं का आयोजन किया जाता है, ठीक वैसे परिवार वालों ने युवती की रस्में अदा की है।
आपको बता दें कि मंदसौर जिले में हाल ही में यह दूसरा मामला है। इससे पहले भी मंदसौर के ही दलावदा गांव में एक युवती ने ऐसे ही अपने प्रेमी के साथ प्रेम विवाह किया था तो परिवार वालों ने 13वीं का कार्यक्रम किया था। जिसकी खबर भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications