Mandsaur के पहले ब्रेकर बन गया 'मौत', भोपाल-नीमच सूत्र सेवा बस पलटी, 4 यात्रियों की मौत, 18 घायल
Mandsaur accident: मध्य प्रदेश में एक बार फिर बड़ा बस हादसा हुआ। भोपाल से नीमच जा रही यात्रियों से भरी बस मंदसौर के पहले पलट गई। घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री बुरी तरह जख्मी हो गए।

Mandsaur accident: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से नीमच जा रही यात्रियों से भरी बस पलट गई। जिसमें सवार चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से ज्यादा बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
यह दर्दनाक हादसा रविवार की दोपहर हुआ। सूत्र सेवा बस भोपाल से नीमच के लिए सुबह रवाना हुई थी। बस जब मंदसौर पहुंचने वाली थी, उससे करीब 18 किलोमीटर पहले भावगढ़ क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर से उछली और डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई।
चश्मदीदों ने बताया कि स्पीड ब्रेकर पर बस का पहिया पहुंचते ही टायर फट गया। जब तक यात्री कुछ समझ पाते, बस लहराते हुए फोरलेन के डिवाइडर से टकराई और डाउन ट्रैक पर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि रोड से गुजर रहे लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

बस पलटने से उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचा। फिर क्रेन की मदद से बस को उठाया गया। उसमें फंसे यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला गया। घटना में चार यात्रियों की मौत हो गई। जिसमें दो मृतक मंदसौर, एक देवार और अन्य एक दूसरे शहर के रहने वाले हैं।
घटना में डेढ़ दर्जन से ज्यादा यात्री बुरी तरह घायल हुए हैं। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के मंदसौर जिला अस्पताल भिजवाया गया। दलौदा थाना प्रभारी संजीव सिंह परिहार ने बताया कि तीन घायल यात्रियों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस हादसे पर दुःख जताया है। उन्होंने मृतकों को शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को 4-4 लाख मुआवजा राशि देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायलों को ₹50-50 हजार और सामान्य घायलों को 25-25 हजार रुपये आर्थिक सहायता प्रदान करने का ऐलान किया हैं।













Click it and Unblock the Notifications