MP News: देश में सबसे पहले महाकाल ने खेली होली, उज्जैन से इंदौर-भोपाल तक रंगों का उत्सव
MP News Holi: पूरे देश में होली का उल्लास चरम पर है, लेकिन सबसे पहले भगवान महाकाल ने रंगों से होली खेली। आज धुलेंडी के अवसर पर तड़के 4 बजे महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल को गुलाल चढ़ाया गया।
पुजारियों और श्रद्धालुओं ने महाकाल की आराधना कर रंगों का त्योहार प्रारंभ किया। इसके बाद पूरे मध्यप्रदेश में शहरों, गलियों और चौक-चौराहों पर रंगों की रौनक बिखरने लगी।

भोपाल में निकलेगा भव्य होली जुलूस
राजधानी भोपाल में दोपहर 12 बजे ऐतिहासिक होली जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस जुमेराती से शुरू होकर घोड़ा नक्कास, मंगलवारा, इतवारा, पीपल चौक से गुजरते हुए सोमवारा पहुंचेगा। सोमवारा में हुरियारों का नॉन-स्टॉप डांस होगा और सराफा बाजार के व्यापारी फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद, जुलूस सिंधी मार्केट, जनकपुरी होते हुए दोपहर 3:30 बजे जुमेराती पर समाप्त होगा।
इस दौरान भोपाल में 3,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिहाज से ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी और बिना अनुमति डीजे बजाने वालों के साउंड सिस्टम जब्त किए जाएंगे।
इंदौर में 100 से ज्यादा जगहों पर होली मिलन समारोह
इंदौर में 100 से अधिक कॉलोनियों और टाउनशिप में होली मिलन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। शहर के आसपास के रिसॉर्ट्स एडवांस बुकिंग से फुल हो चुके हैं। कई टाउनशिप में फाग उत्सव और क्लब हाउसों में होली मिलन के कार्यक्रमों की पूरी तैयारी कर ली गई है।
इंदौर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद:
- 1,000 अतिरिक्त पुलिस बल डीआरपी लाइन से तैनात
- 500 नगर सुरक्षा समिति के सदस्य रहेंगे मुस्तैद
- 250 मोहल्ला समिति के सदस्य होली के जुलूसों में सुरक्षा देखेंगे
- ग्वालियर-उज्जैन में भी होली पर हाई अलर्ट
- ग्वालियर और उज्जैन में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
- ग्वालियर में 2,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
- ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
- बिना अनुमति डीजे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
- होली का रंग, उल्लास और सुरक्षा के साथ उत्सव का माहौल
- मध्यप्रदेश के शहरों में होली का जश्न पूरे जोश के साथ मनाया जा रहा है। भगवान महाकाल से शुरू हुई होली अब भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और पूरे प्रदेश में रंग बिखेर रही है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं, ताकि लोग बेफिक्र होकर इस रंगों के त्योहार का आनंद उठा सकें।
(रिपोर्ट: एमपी ब्यूरो)












Click it and Unblock the Notifications