मध्यप्रदेश पुलिस ने पति-पत्नी पर बरपाया कहर, देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो
गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले के कैंट थाना इलाके के जगनपुर चक गांव में पुलिस की बर्बरतापूर्वक कार्रवाई का मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक परिवार पर इस कहर बरपाया कि तंग आकर पति-पत्नी ने जहर खा लिया। पूरे कार्रवाई का वीडियो मीडिया में खूब शेयर हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्विटर पर वीडियो शेयर करते हुए शिवराज सरकार पर निशाना भी साधा है। कमलनाथ वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि 'ये शिवराज सरकार प्रदेश को कहां ले जा रही है? ये कैसा जंगल राज है? गुना में कैंट थाना क्षेत्र में एक दलित किसान दंपत्ति पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों द्वारा इस तरह बर्बरता पूर्ण लाठीचार्ज।

क्या है पूरा मामला
बता दें कि जगनपुर चक एक जमीन पर दलित परिवार का राजू बटाई पर खेती करता है। यही पर झोपड़ी बनाकर पत्नी सावित्री व 6 बच्चों के साथ रहता है। यह जमीन मॉडल कॉलेज के लिए चयनित हो गई। ऐसे में एसडीएम शिवानी रायकवार के निर्देश पर नायब तहसीलदार निर्मल राठौर के नेतृत्व में पटवारियों, आरआई अमले के साथ जमीन को खाली कराने पहुंचे थे।

गुहार लगाते रहे पति पत्नी
राजू व सावित्री टीम से यह गुहार लगाते हुए कार्रवाई का विरोध किया कि उनकी फसल की कटाई के बाद अतिक्रमण हटा लिया जाए। उन्होंने करीब चार लाख रुपए का कर्ज लेकर फसल की थी। टीम ने उनकी एक नहीं सुनी और फसल पर जेसीबी चला दी। यह देख राजू और सात्रिवी ने कीटनाशक पी लिया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। मां की हालत देख मासूम बच्चे बिलख उठे और उसकी छाती से लिपट गए। मासूम बच्चों की चीख पुकार से हर किसी की रूह कांप गई।

मां की छाती पर बैठी मासूम, पिता से लिपटकर रोए मासूम
माता-पिता के जहर पीकर बेसुध होने के बाद एक मासूम बच्ची मां की छाती पर बैठ गई और जोर जोर से रो उठी। पास ही बेसुध पड़े पिता राजू से भी मासूम बच्चे लिपट गए और रोते रोते पिता को होश में लाने का प्रयास करने लगे। प्रशासन के गुहार न सुनने से दुखी राजू ने अपने मासूम बच्चों को भी जहर पिलाने की कोशिश की हालांकि राजू बच्चों को जहर पिला पाता इससे पहले ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोक दिया। पुलिस राजू को पकड़ने का प्रयास कर रही थी इसी दौरान उसने दौड़ लगा दी और खुद भी कीटनाशक पी लिया। जिससे वो भी बेहोश हो गया। ये सब देख अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए।

अधिकारियों के फूले हाथ पैर
दलित परिवार के पति पत्नी के जहर खाने और बेहोश हो जाने, मासूम बच्चों के बिलखने का मंजर देखने के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों के भी हाथ-पैर फूल गए। अधिकारियों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और फिर बेहोशी की हालत में ही राजू और उसकी पत्नी सावित्री को टांगकर पुलिसकर्मी वाहन तक ले गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications