मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री इंदर सिंह परमार की बहू का शव घर में लटकता मिला, मचा हड़कंप
जयपुर, 11 मई। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री इंदर सिंह परमार की बहू की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। शाजपुर स्थित घर पर परमार की बहू का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और शव को उतारकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बहू ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की है, यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह आत्महत्या है या कुछ और। फिलहाल इस घटना की और अधिक जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है।

रिपोर्ट के अनुसार इंदर सिंह परमार की बहू सविता परमार जिनकी उम्र 22 साल थी, उन्होंने मंगलवार शाम तकरीबन 7 बजे फांसी लगा ली। जब उन्हें फंदे से उतारा गया तो उनकी मौत हो चुकी थी। सविता के घरवालों ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की है। बता दें कि सविता की शादी महज तीन साल पहले हुई थी, उनकी शादी इंदर सिंह परमार के बेटे देवराज से हुई थी। इस पूरी घटना के बारे में कोई भी कुछ भी बोलने से बच रहा है। पुलिस की ओर से भी इस बारे में अभी तक कुछ स्पष्ट तौर पर नहीं कहा गया है। शाजापुर जिले के ग्राम हड़लायकलां में सविता का मायका है, यहां पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जिस वक्त यह घटना हुई इंदर सिंह परमार भोपाल में थे, जबकि उनका बेटा मोहम्मदखेड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गया था।












Click it and Unblock the Notifications