सीएम शिवराज सिंह का तीखा हमला, बोले- कमलनाथ ने कांग्रेस को 'अनाथ 'कर दिया
ग्वालियर। ग्वालियर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सदस्यता अभियान समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जमकर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कमलनाथ पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि भाजपा का तीन साल में अध्यक्ष बदल जाता है लेकिन मप्र में अध्यक्ष कमलनाथ, मुख्यमंत्री कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ, युवाओं का नेता नकुल नाथ और बाकि कांग्रेस हो गई अनाथ।

उन्होंने कहा कि कमलनाथ तो परदेशी हैं , वो क्या साथ निभाएंगे, प्रदेश में उपचुनाव के बाद दिल्ली में जाकर बैठ जाएंगे। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम सभी 27 सीटों पर कांग्रेस को हराएंगे, इस दौरान सीएम शिवराज ने कमलनाथ पर मुख्यमंत्री सचिवालय को दलालों का अड्डा बनाने का गंभीर आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने 15 महीने के शासनकाल में गरीबों के हित के लिए चलाई योजनाएं बंद कराई और किसानों के साथ छल किया, लेकिन वो भूल गए हैं कि जनता किसी को माफ नहीं करती है।
'हनुमान जी भक्तों के संकट हरते हैं, दुष्टों के नहीं'
यही नहीं कमलनाथ द्वारा अयोध्या में राम मंदिर के लिए हुए भूमिपूजन के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किए जाने पर भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने तंज कसा और कहा कि जिस दिन शिलान्यास हो रहा था, उस दिन कमलनाथ हनुमान चालीसा करने बैठ गए- संकट कटे मिटे सब पीरा, जो सुमिरे हनुमत बलबीरा। शिवराज ने कहा कि हनुमान जी भक्तों के संकट हरते हैं, दुष्टों के नहीं।
तीन दिवसीय सदस्यता अभियान
आपको बता दें कि भाजपा के तीन दिवसीय सदस्यता अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा भी यहां मौजूद थे। भाजपा का दावा है कि तीन दिवसीय इस अभियान में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के बड़ी तादाद में काग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारी भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
#WATCH "भाजपा का तीन साल में अध्यक्ष बदल जाता है... म. प्र. में अध्यक्ष कमलनाथ, मुख्यमंत्री कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ, युवाओं का नेता नकुल नाथ और बाकि कांग्रेस हो गई अनाथ" : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान pic.twitter.com/48La2t4oKt
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 23, 2020












Click it and Unblock the Notifications