मध्य प्रदेश में वज्रपात का अलर्ट, भोपाल, इंदौर ,उज्जैन, ग्वालियर और रीवा में बारिश बरपा सकती है जोरदार कहर
Aaj ka mausam
Aaj ka mausam: मध्य प्रदेश में जबरदस्त बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। कहीं आंधी-तूफान के साथ भीषण बारिश हो रही है तो कई जिलों में बूंदाबांदी से संतोष करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज सोमवार को इंदौर-उज्जैन समेत 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
रविवार को 10 से अधिक जिलों में बारिश हुई सागर में सर्वाधिक 44 मिली मीटर पानी गिरा। वहीं, उज्जैन में अचानक तेज बारिश होने से कई स्थानों में जल भराव की स्थिति बनी और शिप्रा नदी में तेज बहाव आ गया। इसके अलावा सिवनी, शाजापुर, छिंदवाड़ा, बैतूल, बालाघाट, सीहोर सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।

भले ही प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश हो रही हो, लेकिन प्रदेश में औसत रूप से बारिश का कोटा पूरा अब तक नहीं हो सका है। प्रदेश में अब तक औसत से 5% कम बारिश हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि सोमवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।
इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने सोमवार को कई जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, इंदौर, छिंदवाड़ा, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, सीहोर, राजगढ़, नर्मदा पुरम, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, शिवपुर कला, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
कहां कितनी बारिश
रविवार सुबह 8:30 से शाम के 5:30 तक बैतूल में 10 मिलीमीटर, खरगोन में 18, रतलाम में 18, सागर में 44, सिवनी में 19, टीकमगढ़ में दो, उमरिया में 2,भोपाल में 0.2, मलाजखंड में 6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
प्रमुख जिलों का तापमान
प्रमुख जिलों के अधिकतम तापमान को देखें तो छतरपुर में 38.2, जबलपुर में 34.8, भोपाल में 33.5, उज्जैन में 32.6, इंदौर में 32, निवाड़ी में 37.8, ग्वालियर में 36.9, नीमच में 36.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश में सबसे कम तापमान सिवनी में 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।












Click it and Unblock the Notifications