MP के बैतूल में रहता है मजदूर, बैंक खाता 1500 किलोमीटर दूर, जब IT का सवा करोड़ का आया नोटिस तो उड़ गए होश
MP News: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले का एक मजदूर इनकम टैक्स के एक नोटिस के सहारे कहने के लिए करोड़पति बन गया। इनकम टैक्स ने सवा करोड़ से ज्यादा का उसे नोटिस भेज दिया। नोटिस मिलते ही मजदूर के पैरों तले जमीन खिसक गई। अब वह परेशान है।
मजदूर का नाम नितिन जैन है। नोटिस देख हैरान परेशान पीड़ित अपने वकील के साथ पुलिस थाने पहुंचा। जहां उसने जांच की मांग की हैं। दरअसल नोटिस में जिस बैंक खाते का जिक्र है, वह तमिलनाडु के ुटलम में सिटी यूनियन बैंक का हैं। जहां वह कभी गया ही नहीं।

इस मामले में जब पीड़ित ने आयकर सलाहकारों से संपर्क किया तो फार्म 26 (एएस) से पता चला कि तमिलनाडु के कुटलम में उसके नाम से बैंक खाते में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ है और इसी वजह से आयकर द्वारा बकाया टैक्स की वसूली के लिए नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में वर्ष 2015 में आयकर जमा न करने का उल्लेख किया गया है।
पुलिस में दी गई शिकायत में नितिन का कहना है कि वह तमिलनाडु कभी गया तक नहीं। वहीं जिले आयकर अधिकारी का कहना है कि 44 ऐसे लोगों की सूची हैं, जिन पर दस करोड़ तक का टैक्स बकाया हैं। वैधानिक आधार पर ही सभी को नोटिस जारी किए गए।
वहीं नितिन को जानने वाले लोगों का भी कहना है कि वह महीने भर का गुजर बसर बड़ी मुश्किल से कर पाता हैं। यदि उसके खातों से करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ है, तो भला कच्चे मकान में क्यों रहता? अधिकारियों ने नितिन को भोपाल में इनकम टैक्स कमिश्नर के समक्ष अपना पक्ष रखने की सलाह दी है। ताकि तमिलनाडु में जिस खाते में ट्रांजेक्शन की बदौलत नोटिस जारी हुआ, उसकी पड़ताल हो सकें। खाता किस आधार पर खुला और नितिन के नाम से कौन ट्रांजेक्शन करता रहा, यह पता भी लगाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications