MP में बड़ा उलटफेर: गिर सकती है कमलनाथ की सरकार, PM मोदी से मिले सिंधिया
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की सरकार में उथल-पुथल मचा रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह से दिल्ली में मिल चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक तय हो गया है कि सिंधिया को भाजपा कोटे से राज्यसभा भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि सिंधिया पीएम हाउस अकेले ही पहुंचे थे। पीएम मोदी से मुलाकात करने के बाद वह दिल्ली में स्थित अपने घर पहुंच गए। कहा जा रहा है कि मीडिया से बचने के लिए सिंधिया ने गाड़ी भी बदली। उसके बाद गुप्त तरीके से उन्होंने पीएम से मुलाकात की।

पीएम से मिलने से पहले सिंधिया ने राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से भी मिले थे। उनके आवास पर भी वह खुद गाड़ी चलाकर गए थे। बीजेपी में शामिल भी हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक सिंधिया को भारतीय जनता पार्टी राज्यसभा भेजेगी और उसके बाद मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार में उन्हें कैबिनेट मंत्री भी बनाया जा सकता है। इसके साथ ही कर्नाटक पहुंचे कांग्रेस के विधायक मंगलवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद बीजेपी मध्य प्रदेश में शिवराज के नेतृत्व में जल्द भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।
बताया जा रहा है कि सिंधिया पिछले 8 महीने से बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं। इस बीच सिंधिया मंगलवार को ग्वालियर पहुंच रहे हैं। आज ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता माधवराव सिंधिया की जयंती है। बीते सोमवार को कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं ने ज्योतिरादित्य से बात करने की कोशिश की लेकिन वो नाकाम रहे। यहां तक कि ज्योतिरादित्य को मनाने के लिए सोनिया गांधी ने दो नेताओं को भेजा लेकिन ज्योतिरादित्य ने किसी से बात नहीं की।
सोनिया गांधी से पहले कमलनाथ ने भी ज्योतिरादित्य से बात करने की कोशिश की थी, लेकिन वो भी संपर्क कायम नहीं कर सके। इस बीच दिग्विजय सिंह ने बयान दिया कि ज्योतिरादित्य को स्वाइन फ्लू हो गया है जिसकी वजह से वो किसी से बात नहीं कर रहे हैं।\












Click it and Unblock the Notifications