MP News: कटनी में दलिता घटना पर जीतू पटवारी की प्रतिक्रिया, बोले- क्या टीआई का घर तोड़ा जाएगा
कटनी जिले में दलित महिला और उसके 15 वर्षीय बच्चे के साथ जीआरपी थाने की महिला थाना प्रभारी द्वारा की गई बर्बरता के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना की है। पटवारी ने घटना की निंदा करते हुए भाजपा शासन की नाकामी और प्रदेश में बढ़ती अराजकता पर सवाल उठाए हैं।
जीतू पटवारी ने कटनी में दलित महिला और बच्चे के साथ पुलिस द्वारा की गई क्रूरता पर टिप्पणी करते हुए कहा, "क्या टीआई का घर तोड़ा जाएगा? "जीतू पटवारी ने कहा कि छतरपुर में पुलिस पर पथराव करने पर आरोपी का घर तोड़ा गया, लेकिन अब पुलिस ने दलित के साथ अत्याचार किया है क्या टीआई का घर तोड़ा जाएगा?"

यह सवाल इसलिए उठता है क्योंकि भाजपा सरकार के राज में ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।" उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है और महिलाएं, किसान, युवा सभी वर्ग परेशान हैं।
प्रदेश की स्थिति की आलोचना
पटवारी ने भाजपा की नीति और शासन की आलोचना करते हुए कहा, "प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई से त्राहिमाम की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस का अनुशासन और सम्मान सेवादल का सिपाही आम लोगों के बीच जाकर भाजपा सरकार के दोहरे चरित्र को उजागर करे और कांग्रेस पार्टी की नीतियों और संविधान के बारे में जानकारी दे।"
भाजपा के खिलाफ कांग्रेस का आह्वान
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की झूठ और फरेब की 20 सालों की सत्ता से प्रदेश की जनता पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है और आने वाला समय कांग्रेस का ही होगा। पटवारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोगों को भाजपा की विफलताओं से अवगत कराएं और पार्टी की योजनाओं को जनता के बीच पहुंचाएं।
पटवारी की ये टिप्पणी भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए कांग्रेस के बढ़ते आक्रामक रुख का हिस्सा है, और यह घटना प्रदेश की राजनीतिक स्थिति में नए विवादों को जन्म दे रही है।
कौन है टीआई टीआई अरुणा वाहने, जिनका घर तोड़ने की हो रही है बात
टीआई अरुणा वाहने, जो सब इंस्पेक्टर के पद से पुलिस विभाग में भर्ती हुई थीं, ने मध्य प्रदेश के कई शहरों में सेवाएं दी हैं। उनका पेशेवर सफर जबलपुर से शुरू हुआ और उन्होंने अगस्त 2023 में जीआरपी (GRP) थाना कटनी में पदभार ग्रहण किया। कटनी में कार्यरत रहने के दौरान वे हाल ही में एक विवाद में फंस गई हैं, जिसमें उन्होंने एक महिला और उसके नाबालिग रिश्तेदार के साथ मारपीट की।
अरुणा वाहने का पुलिस विभाग में एक लंबा और विविध अनुभव रहा है। वे कई शहरों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं, और जबलपुर में भी उनकी पदस्थापना रही है। टीआई के रूप में, उन्होंने जीआरपी थाने में एक साल पहले अगस्त 2023 में कार्यभार संभाला और तब से यहीं पर कार्यरत थीं।
दबंग महिला पुलिस अधिकारी की छवि
अरुणा वाहने ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया था कि उनका पुलिस अधिकारी बनने का सपना बचपन से था। उन्होंने अपने जीवन में कई कदम इस दिशा में उठाए, और "उड़ान" सीरियल से प्रेरित होकर अपनी करियर की दिशा तय की। उनके परिवार ने कभी लड़के-लड़की के भेदभाव की परवरिश नहीं की, और वे चाहती हैं कि मध्य प्रदेश की सभी लड़कियां और महिलाएं बेखौफ होकर शिक्षा, व्यवसाय और नौकरी के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करें।
क्या है विवाद
हाल ही में अरुणा वाहने कटनी जीआरपी थाने में एक महिला और उसके नाबालिग बेटे के साथ मारपीट के मामले में सुर्खियों में आई हैं। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें वे दोनों को अपने कक्ष में ले जाकर डंडे से पिटाई करते हुए दिखाई दे रही हैं। इस विवाद के बाद, उन्हें उनके पद से हटा दिया गया है और इस मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications