11 करोड़ की संपत्ति गोशाला को दान कर संयम पथ पर चल पड़ा ज्वेलर राकेश सुराना का परिवार
बालाघाट, 17 मई। करोड़पति ज्वेलर ने पत्नी व बेटे के साथ संयम पथ पर जाने का फैसला लिया है। यह परिवार 22 मई को जयपुर में दीक्षा लेगा। सांसारिक जीवन त्याग कर 11 करोड़ की संपत्ति गोशाला व अन्य धार्मिक संस्थाओं को दान कर दी है।

आध्यात्म के पथ पर जाने का फैसला लिया
बता दें कि मध्य प्रदेश के बालाघाट के सराफा कारोबारी 37 वर्षीय राकेश सुराना, उनकी पत्नी 36 वर्षीय लीना सुराना ने गुरु महेंद्र सागर से प्रेरित होकर सांसारिक जीवन को त्याग कर संयम और आध्यात्म के पथ पर जाने का फैसला लिया है।

बचपन में ही संयम पथ पर जाने की इच्छा जाहिर कर दी
मीडिया से बातचीत में राकेश सुराना ने बताया कि लीना सुराना ने बचपन में ही संयम पथ पर जाने की इच्छा जाहिर कर दी थी। लीना सुराना की प्रारंभिक शिक्षा अमेरिका से ली और बाद में बेंगलुरु यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की। दोनों के बेटे अमय सुराना भी महज चार साल की उम्र में ही संयम पथ पर जाने का मन बना चुका था। कम उम्र के कारण अमय को सात साल तक इंतजार करना पड़ा।

साल 2017 में उनकी मां ने भी दीक्षा ली थी
साल 2017 में उनकी मां ने भी दीक्षा ली थी। इनके अलावा राकेश सुराना की बहन ने साल 2008 में दीक्षा ली थी। कभी छोटी-सी दुकान से ज्वेलरी का कारोबार शुरू करने वाले राकेश ने सराफा क्षेत्र में नाम और शोहरत दोनों कमाई।

बहन दीपाली 5 वर्ष पूर्व ही दीक्षा ले चुकी
उल्लेखनीय है कि रतलाम का 10 साल के ईशान कोठारी और रतलाम की ही दो जुड़वां बहनें तनिष्का और पलक भी 26 मई को दीक्षा लेंगी। इनकी बड़ी बहन दीपाली 5 वर्ष पूर्व ही दीक्षा ले चुकी है। तीनों बच्चे सांसारिक जीवन से विरक्त होकर वैराग्य की राह पर चलने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications