बारिश के पानी में आधा डूब गया श्योपुर शहर, भिंड में भी घरों में भरा पानी
श्योपुर और भिंड में बारिश से जनजीवन हुआ प्रभावित, श्योपुर शहर का आधा हिस्सा हुआ जलमग्न तो भिंड में भी घरों में भरा बारिश का पानी
श्योपुर, 11 जुलाई। चंबल अंचल के श्योपुर और भिंड जिले में बारिश इस कदर आफत बनकर बरसी की श्योपुर का आधा शहर पानी में डूब गया जबकि भिंड के कई इलाके पानी में जलमग्न हो गए। हालात इतने बदतर हो गए कि लोग अपनी घर गृहस्ती का सामान बचाते हुए नजर आए। श्योपुर में तो कलेक्टर ने मोर्चा संभाल लिया लेकिन भिंड में कोई भी प्रशासनिक अधिकारी जनता के बीच नहीं पहुंचा।

आसमान से हुई तेज बारिश से शहर में भर गया पानी
श्योपुर में हुई तेज बारिश की वजह से शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। लगभग आधा शहर बारिश के पानी में डूब गया। सड़कें तालाब बन गईं। यहां तक कि कई इलाकों में घरों में भी पानी प्रवेश कर गया।

घर गृहस्ती का सामान बचाते नजर आए लोग
शहर की सड़कों से लेकर घर का आंगन तक तालाब में तब्दील हो गया। हालात इतने बदतर हो गए कि लोगों के घरों में रखा हुआ सामान भी डूबने लगा। लोगों ने बारिश के पानी से अपनी गृहस्थी का सामान बचाने के लिए काफी देर तक जद्दोजहद की। यहां तक की घरों में बारिश का पानी भरा होने की वजह से लोग न तो रात को ठीक से सो सकें और न उन्हें खाना ही नसीब हो सका।

कलेक्टर ने तुरंत करवाई नाले की सफाई
श्योपुर में स्थिति काबू से बाहर होते देख कलेक्टर शिवम वर्मा खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने मौके पर खड़े होकर जल निकासी की व्यवस्था करवाई और नालियों में आने वाली रुकावट को दूर करवाया। इतना ही नहीं कलेक्टर ने लापरवाही बरतने पर 3 कर्मचारियों को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही एक सब इंजीनियर को नोटिस जारी कर दिया।

पिछली साल भी श्योपुर में बाढ़ से हो गए थे हालात बेकाबू
पिछले साल श्योपुर में भीषण बाढ़ आई थी। इस वजह से हालात बेकाबू हो गए थे। लोगों में इतना गुस्सा था कि जब केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर श्योपुर दौरे पर पहुंचे तो लोगों ने उनका जमकर विरोध किया। यहां तक कि उनकी गाड़ी पर कीचड़ उछाल दिया और उनकी गाड़ी के नीचे लेट कर लोग मर मिटने को भी तैयार हो गए थे। इस विरोध प्रदर्शन के बाद श्योपुर के अधिकारियों पर भी गाज गिरी थी और कलेक्टर समेत अन्य अधिकारियों का तबादला जिले से बाहर कर के नए अधिकारियों को श्योपुर जिले में पदस्थ किया गया था।
भिंड में भी बारिश का पानी लोगों के घरों में भरा
भिंड में भी हल्की सी बारिश होने से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। शहर के वार्ड क्रमांक एक में तो हालात इतने खराब हो गए कि लोगों के घरों में बारिश का पानी कूद गया और पूरा घर ही पानी पानी हो गया।
हालात देखने के लिए पहुंच गए कांग्रेस नेता हेमंत कटारे
वार्ड 1 में स्थित लोगों के घरों में पानी भरने की जानकारी मिलने पर कोई प्रशासनिक अधिकारी तो नहीं पहुंचा लेकिन कांग्रेस नेता और अटेर से पूर्व विधायक हेमंत कटारे वार्ड 1 की स्थिति देखने के लिए पहुंच गए। यहां उन्होंने लोगों से बातचीत की और साथ ही प्रशासन द्वारा बरती जा रही लापरवाही पर नाराजगी भी जाहिर की।












Click it and Unblock the Notifications